नारायणगढ़ एसडीएम शिवजीत भारती ने प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को आयोजित समाधान शिविर में जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

राजेश वर्मा, अंबाला। एसडीएम शिवजीत भारती ने स्थानीय स्तर पर समाधान शिविर का आयोजन कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निवारण के निर्देश दिए। शिविर में एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों को विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण जानकारी दें और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवश्यक दस्तावेजों एवं औपचारिकताओं के बारे में विस्तार से बताएं। इस अवसर पर बीडीपीओ जोगेश कुमार और सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन जसवीन्द्र सिंह बख्तुआ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिकायतों का प्राथमिकता से हो समाधान

एसडीएम ने जानकारी दी कि प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ‘समाधान शिविर’ का आयोजन किया जाता है, जिसमें नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे रख सकते हैं। इस शिविर में क्षेत्र के अनेक निवासियों ने विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत कीं। पवन कुमार अग्रवाल ने भरेड़ी कलां गांव में बेगना नदी द्वारा भूमि कटाव रोकने की मांग की, तो वहीं सरस्वती विहार कॉलोनी के निवासियों ने नाले की सफाई की समस्या उठाई। इसके अलावा अवैध कब्जा हटाने, पेंशन लगवाने, परिवार पहचान पत्र में त्रुटि ठीक करने और राशन कार्ड से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें एसडीएम ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।

योजनाओं का लाभ पहुंचाना है लक्ष्य

एसडीएम शिवजीत भारती ने सभी प्राप्त मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि शिविर में शिकायत प्रस्तुत करते समय आवेदन पत्र पर अपना मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करें और साथ में [Aadhaar Redacted] की प्रति संलग्न करें ताकि शिकायतों के निस्तारण में पूरी सुविधा हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में गांव नगावां, हसनपुर और माजरा पंचायत से जुड़े नागरिकों ने भी अपनी व्यथा रखी। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिविर में आई शिकायतों की रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत करें।