बलवंत भट्ट, मंदसौर। मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर नार्कोटिक्स विभाग ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नार्कोटिक्स की चित्तौड़गढ़ और जावरा टीम ने एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान मंदसौर जिले के लसुड़िया इला गांव में चल रही एक अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में टीम ने करीब 21 करोड़ रुपये कीमत की MD ड्रग्स और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया है।

ये भी पढ़ें : क्राइम ब्रांच का बड़ा खुलासा: बिश्नोई गैंग का ‘रेकी मास्टर’ गिरफ्तार, हैरी बॉक्सर से जुड़े थे तार

खेत के बीचों-बीच चल रहा था काला कारोबार

जानकारी के अनुसार ड्रग्स माफियाओं ने पुलिस और प्रशासन की नजरों से बचने के लिए लसुड़िया इला गांव के एक सुनसान खेत को अपना ठिकाना बनाया था। यहां अवैध रूप से फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब नार्कोटिक्स की संयुक्त टीम ने दबिश दी तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। खेत में बने स्ट्रक्चर के अंदर ड्रग्स बनाने की पूरी यूनिट तैयार की गई थी।

भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त

नार्कोटिक्स विभाग ने मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। जिसमें 21 किलो तैयार MD ड्रग्स, 30 लीटर तरल केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक मोटर, तौल कांटे, बड़े ड्रम और फुल फेस मास्क शामिल है।

ये भी पढ़ें : शादी टूटी तो रची साजिश: बीच चौराहे से युवक का अपहरण, फिल्मी स्टाइल में पुलिस ने बचाई जान 

दो आरोपी गिरफ्तार, बड़े गिरोह के जुड़े हो सकते हैं तार

टीम ने मौके से फैक्ट्री संचालित कर रहे दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि यहां से ड्रग्स बनाकर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न शहरों में सप्लाई की जाती थी। आशंका जताई जा रही है कि इस अवैध कारोबार के तार किसी बड़े अंतर्राष्ट्रीय या अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m