दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में शहर के व्यस्ततम सतरस्ता क्षेत्र में गुरुवार दोपहर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए पुतला दहन में बड़ा हादसा हो गया। जलते हुए पुतले को बुझाने के प्रयास में नगरपालिका के दो कर्मचारी झुलस गए। हादसे में घायल कर्मचारियों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।

जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी राजेंद्र मालवीय पिछले कुछ दिनों से शहर में व्याप्त गंदगी, जर्जर सड़कों, गड्ढों और सीवरेज लाइन की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। गुरुवार को भी इन नागरिक समस्याओं और नगरपालिका की कथित लापरवाही के विरोध में सतरस्ता चौराहे पर पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया था। ​जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने पुतले में आग लगाई, वहां मौजूद नगरपालिका के लिपिक कैलाश कन्नौजिया और कर्मचारी शेख सिकंदर उसे बुझाने के लिए दौड़े।

ये भी पढ़ें: पोला त्योहार पर दर्दनाक हादसा: बैल धोते समय खदान के गड्ढे में डूबा युवक, तलाश में जुटी SDRF

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैलाश कन्नौजिया ने पहले हाथ-पैर से और फिर अपनी शर्ट उतारकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। अंत में पानी डालकर आग बुझाई गई, लेकिन इस दौरान कैलाश का चेहरा व हाथ गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि शेख सिकंदर के हाथ में चोट आई। ​लिपिक कैलाश कन्नौजिया ने बताया कि हमारे वरिष्ठ अधिकारियों और सीएमओ सर का पुतला जलता देख हमसे रहा नहीं गया, इसलिए हम आग बुझाने पहुंचे थे।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नगरपालिका सीएमओ वैभव देशमुख ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने अनुमति की शर्तों का उल्लंघन कर पुतला जलाया है। उन्होंने पुतले में किसी अति-ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका जताई है। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने और कर्मचारियों को जोखिम में डालने वालों के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराई जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m