नारनौल के बावड़ीपुर मोहल्ले में पिछले 15 दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण गुस्साए लोगों ने नारनौल-निजामपुर रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन के जल्द समाधान के आश्वासन के बाद करीब घंटे भर बाद यातायात सुचारू हो सका।

गुलशन कुमार,महेंद्रगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती पानी की किल्लत से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। नारनौल के बावड़ीपुर मोहल्ले में पिछले करीब 15 दिनों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों ने नारनौल-निजामपुर रोड पर जाम लगाकर प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

तपती धूप में चक्का जाम

तपती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच सड़क पर उतरे स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अचानक लगे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई ठप पड़ी हुई है। घरों तक पानी नहीं पहुंचने से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि पानी के इंतजार में सुबह से शाम तक बैठे रहना पड़ता है, लेकिन नलों में पानी नहीं आता। मजबूरी में दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है।

कई शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही, जिससे हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। प्रदर्शन में महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्या सुनकर प्रशासन की ओर से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद लोगों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारू हो सका। जाम के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और कई वाहन चालक लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए हैं।