सतीश दुबे, डबरा। दतिया में विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में प्रचार प्रसार में नरोत्तम मिश्रा जुट गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उन्हें जिताने की अपील की है। नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब कोई भी सोशल मीडिया पर भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और आशुतोष तिवारी के विरोध में पोस्ट नहीं करेगा। 

‘आशुतोष विधायक बनेगा तो नरोत्तम तुम्हे फ्री में मिलेगा’

नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि अगर सोशल मीडिया पर कोई गलत चीज आई तो वो भाजपा का नहीं है याद रखना। इतना ही नहीं, नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि मैने कल भी आशुतोष के लिए छाती ठोकी थी, आज भी ठोक रहा हूं। कार्यकर्ताओं पर आने वाला कोई भी कष्ट कार्यकर्ता का नहीं हम दोनों का होगा। कार्यकर्ता तो ध्यान रखें, एक के साथ एक फ्री है। आशुतोष विधायक बनेगा तो नरोत्तम तुम्हे फ्री में मिलेगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता अपनी-अपनी पोलिंग पर जुट जाएं और आशुतोष को जिताएं।

नरोत्तम ने आशुतोष को बताया समर्पित कार्यकर्ता

वहीं नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर भी चुटकी ली और कहा कि कांग्रेस के पास पूरे संभाग में इतना कार्यकर्ता नहीं है जितना दतिया में ही इकठ्ठा हो गया। नरोत्तम यही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि कार्यालय का दीपक आज जल गया है। कार्यकर्ता अपने अंदर भी दीपक जला ले। ये जो आशुतोष तिवारी को टिकट भाजपा ने दिया है इसने 25 साल तक घर छोड़कर पार्टी की सेवा की है। प्रदेश भर में लोगों से रोटियां मांगकर खाई है। ऐसे समर्पित कार्यकर्ता को पार्टी ने टिकट दिया है। अगर तुमने गद्दारी की तो पार्टी मां होती है और मां तुम्हे कभी माफ नहीं करेगी। 

कार्यकर्ताओं को गद्दारी न करने की नसीहत

उन्होंने दो टूक में कार्यकर्ताओं को कहा कि जिस कार्यकर्ता ने गद्दारी की उसके लिए पार्टी कार्यालय के गेट हमेशा बंद मिलेगा। आपको बता दें कि आज भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m