दीपक कौरव, नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के एसपी ऋषिकेश मीना अपराधों को रोकने के लिए ऑपरेशन क्ला जैसे अभियान चला रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष मुहिम चलाई जा रही है, जिसमें सफलताएं भी हासिल हो रही हैं। इस बीच एसपी ने अवैध शराब के कारोबार में फरार आरोपी पर ‘1 रुपये’ का इनाम रखा है, जो समझ के परे है, हालांकि कुछ लोग इसे पुलिस का अनोखा प्रयोग बता रहे हैं।
दरअसल, करेली थाना क्षेत्र में दर्ज आबकारी एक्ट के गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे धनराज लोधी की गिरफ्तारी पर SP ऋषिकेश मीना ने मात्र 1 रुपये का इनाम घोषित किया है। यह इनाम अब तक जिले ही नहीं पूरे प्रदेश का सबसे सस्ता इनामी आरोपी बन गया है, जिससे चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म हैं। पुलिस के अनुसार, करेली थाना के अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट में फरार आरोपी धनराज लोधी (27) पिता लाल साहब लोधी, निवासी समनापुर, थाना कोतवाली, लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखे जाने का आश्वासन भी दिया गया है।

यह था पूरा मामला
9 जनवरी को करेली थाना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक थार वाहन (MP 04 CP 9399) अवैध शराब लेकर गाडरवारा की ओर से नरसिंहपुर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन मोड़कर ड्रीम सैंड सिटी की ओर भागने लगा, लेकिन करीब 200 मीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया।
ये भी पढ़ें: MP में इंसानियत शर्मसार: दलित युवक को पीटा-मुर्गा बनाया और प्राइवेट पार्ट पकड़ने के लिए किया मजबूर, बदमाश ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया
वाहन चालक ने अपना नाम सुरेंद्र लोधी पिता भगवान सिंह लोधी (30) निवासी केरपानी थाना सुआतला (हाल निवासी रेवानगर कॉलोनी, नरसिंहपुर) बताया। उसके साथ बैठे युवक ने अपना नाम सलीम खान पिता महबूब खान (22), निवासी मुशरान वन, थाना कोतवाली नरसिंहपुर बताया।

44 पेटी अवैध शराब जब्त, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
वाहन की तलाशी लेने पर थार में खाकी रंग के कार्टूनों में भरी 44 पेटी अवैध देशी मदिरा मसाला बरामद की गई, जिसमें कुल 2200 पाव (396 लीटर) शराब पाई गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि इस अवैध शराब नेटवर्क का मुख्य आरोपी धनराज लोधी फरार हो गया था और इसी को लेकर बुधवार को SP ने फरार आरोपी की जानकारी देने वाले को 1 रुपये का इनाम देने की घोषणा की। जो सोशल मीडिया और आमजन में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि यह इनाम प्रतीकात्मक है, जिससे यह संदेश जाए कि अपराधी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून से नहीं बच सकता बहरहाल अब देखना यह होगा कि एक रुपए का इनामी बदमाश कब पुलिस की गिरफ्त में आता है।


