विकास कुमार, सहरसा। ​बिहार के कोशी क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा के नेतृत्व और निगरानी में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोशी अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की जब्ती की गई है। इस कार्रवाई में आम नागरिकों की भूमिका भी बेहद सराहनीय रही है।

​एक सप्ताह में ताबड़तोड़ कार्रवाई और बरामदियां

​सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में 3 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

  • ​इस दौरान कुल 1275.555 लीटर अवैध शराब और 283.65 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
  • ​इसके साथ ही 187.66 ग्राम स्मैक, 0.296 लीटर अवैध कफ सिरप और 58 एमएल नशीले इंजेक्शन भी जब्त किए गए।
  • ​तस्करी के धंधे में इस्तेमाल होने वाले 12 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन और एक नाव को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
  • अवैध शराब के मामलों में 85 और सूखा नशा से जुड़े मामलों में 20 लोगों समेत कुल 105 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

​फरवरी से अब तक 2343 तस्कर भेजे गए जेल

​कोशी क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ फरवरी 2026 में इस अभियान की शुरुआत की गई थी। तब से लेकर अब तक तीनों जिलों में बड़े स्तर पर तस्करों की धरपकड़ की गई है। इस पूरी अवधि के दौरान कुल 73,981.395 लीटर अवैध शराब, 4,317.491 लीटर कफ सिरप, 7,260.705 किलोग्राम गांजा, 8,284.552 ग्राम स्मैक और 13,042 एमएल नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। इसके अतिरिक्त 325 नशीली टैबलेट, 92 मोबाइल फोन, 35 चारपहिया वाहन और कई हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 61 लाख 63 हजार 252 रुपये भारतीय मुद्रा और 27 हजार 570 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। इस प्रकार अब तक कुल 2343 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।

​हेल्पलाइन नंबर पर दें सूचना, पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय

​नशा कारोबारियों पर लगाम कसने के लिए डीआईजी कार्यालय द्वारा एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। आम नागरिक कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से इस नंबर पर नशे के कारोबार से जुड़ी गुप्त जानकारी साझा कर सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
​पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास चल रहे अवैध कारोबार की सूचना बेझिझक दें। सटीक सूचना देकर इस महाअभियान को सफल बनाने वाले नागरिकों को डीआईजी, कोशी क्षेत्र द्वारा उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। आइए, हम सब मिलकर एक स्वस्थ और नशामुक्त कोशी क्षेत्र के निर्माण में अपना योगदान दें।