अजय सैनी ,भिवानी। आगामी जनगणना प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की अलग पहचान दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा (भारत मुक्ति मोर्चा संबद्ध) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने इसे ओबीसी समाज की अनदेखी बताते हुए देशव्यापी आंदोलन और चक्का जाम की चेतावनी दी है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को मोर्चा पदाधिकारियों ने भिवानी के लघु सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जनगणना प्रक्रिया में ओबीसी की अलग श्रेणी शामिल करने की मांग उठाई।
OBC के लिए अलग विकल्प नहीं होने पर जताया विरोध
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला संयोजक दीपक जांगड़ा ने कहा कि जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण के दौरान परिवारों से उनकी सामाजिक श्रेणी की जानकारी ली जा रही है, लेकिन फॉर्म में केवल अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और ‘अन्य’ का विकल्प दिया गया है। उनका आरोप है कि ओबीसी के लिए अलग विकल्प न देना यह दर्शाता है कि सरकार जातिगत जनगणना में पिछड़ा वर्ग की वास्तविक गणना नहीं करना चाहती।
उन्होंने कहा कि यह ओबीसी समाज के साथ अन्याय है और इसके पीछे सुनियोजित रणनीति काम कर रही है।
HLO ऐप पर भी उठाए सवाल
मोर्चा ने जनगणना के लिए इस्तेमाल किए जा रहे HLO मोबाइल एप्लीकेशन पर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि इस ऐप के माध्यम से एकत्रित किए जा रहे डेटा का कोई भौतिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं रहेगा और न ही इसकी जवाबदेही तय की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डिजिटल डेटा संग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी है, जिससे भविष्य में आंकड़ों की सत्यता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
देशभर में आंदोलन का ऐलान
मोर्चा के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर देश के 31 राज्यों और 625 जिलों से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजे गए हैं। संगठन ने बताया कि दूसरे चरण के तहत राष्ट्रव्यापी धरना-प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं, जबकि तीसरे चरण में 22 जून को देशभर में बड़े पैमाने पर रैली और प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
धरना-प्रदर्शन में कृष्ण ग्रेवाल, जयवीर सांगा, साहिल सांगा, हवा सिंह सांगा, पवन कुमार, देशराज, सुनीता, अनिल कुमार, स्नेहलता, बिजेंद्र, अनिता रानी, मीनाक्षी, महावीर, सतबीर दहिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

