सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के फैशन शो में इस बार रैंप पर एक खास तस्वीर देखने को मिली। पहली बार 9 पुनर्वासित महिलाओं ने रैंप वॉक किया। कभी नक्सलवाद की राह पर चलने वाली ये महिलाएं आज समाज की मुख्यधारा से जुड़कर अपने हुनर और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं।

इन महिलाओं ने फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन के साथ रैंप वॉक किया। जैसे ही वे रैंप पर उतरीं, पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनके चेहरे पर खुशी और कदमों में गजब का आत्मविश्वास साफ नजर आया।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लखन लाल देवांगन, मंत्री गजेंद्र यादव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी महिलाओं के इस प्रयास की जमकर सराहना की और उनका उत्साह बढ़ाया।

बातचीत में महिलाओं ने बताया कि उन्हें राज्य सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ मिल रहा है। सरकार के सहयोग से उन्हें आगे बढ़ने और अपने हुनर को नई पहचान देने का मौका मिल रहा है। खास बात ये रही कि करीब एक महीने पहले जब इन महिलाओं से मुलाकात हुई थी, तब उनमें काफी झिझक नजर आ रही थी। लेकिन आज रैंप पर पहुंचते ही उनका आत्मविश्वास बिल्कुल अलग नजर आया। कभी जिनकी पहचान नक्सलवाद से जुड़ी थी, आज वही महिलाएं हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता के जरिए अपनी नई पहचान बना रही हैं।

देखिये वीडियो –

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H