हेमंत शर्मा, इंदौर। महावीर जन्म कल्याणक से जुड़े नवकारसी विवाद ने अब ऐसा रूप ले लिया है, जहां मामला सिर्फ धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आरोप-प्रत्यारोप, धमकी और दबाव की राजनीति तक पहुंच गया है। समाज के भीतर खींचतान खुलकर सामने आ रही है और समाधान की बजाय टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। श्री नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय जैन ने श्वेतांबर जैन महासंघ न्यास के अध्यक्ष विजय मेहता के खिलाफ सराफा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। स्क्रीनशॉट के आधार पर उन्होंने पुलिस को साक्ष्य सौंपते हुए आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
मानहानि नोटिस के बाद भड़का विवाद
मामले की जड़ उस वक्त और गहरी हो गई, जब अक्षय जैन ने अपने चरित्र हनन से जुड़ा पत्र सार्वजनिक होने के बाद विजय मेहता, महासचिव ललित छलानी और संतोष जैन मामा को 50 लाख रुपए का मानहानि नोटिस भेज दिया। इसके बाद सोशल मीडिया और समाज के मंचों पर आरोपों की बौछार शुरू हो गई। दोनों पक्ष अब खुलकर आमने-सामने हैं।
धमकी और दबाव की आशंका
शिकायत में अक्षय जैन ने साफ तौर पर कहा है कि विरोध के चलते उन्हें शारीरिक नुकसान या मानसिक प्रताड़ना का खतरा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभाव और पद के दबाव का इस्तेमाल कर उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है।
संवाद पर भी विवाद, ‘डार्क रूम’ मीटिंग से इनकार
जहां एक तरफ विवाद सुलझाने की बात हो रही है, वहीं संवाद की प्रक्रिया ही नए विवाद का कारण बन गई है। नाकोड़ा जैन कॉन्फ्रेंस ने साफ कहा है कि किसी भी तरह का समाधान खुले मंच पर, मंदिर या उपाश्रय में समाजजनों की मौजूदगी में ही होना चाहिए। संगठन ने “डार्क रूम मीटिंग” या निजी बैठकों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
महासंघ पर गंभीर आरोप, समाज में बढ़ रही बेचैनी
कांफ्रेंस से जुड़े पदाधिकारियों ने महासंघ नेतृत्व पर सीधा आरोप लगाया है कि वे संवाद के बजाय दबाव और प्रभाव की राजनीति कर रहे हैं। इतना ही नहीं, गैर-जैन प्रभावशाली लोगों के जरिए समाधान निकालने की कोशिश भी सवालों के घेरे में है।इस पूरे घटनाक्रम ने जैन समाज के भीतर भी असहज स्थिति पैदा कर दी है। कई समाजजन अब खुलकर कह रहे हैं कि पारदर्शी और खुले संवाद के बिना इस विवाद का हल संभव नहीं है।
पुलिस जांच जारी, नजरें अगले कदम पर
फिलहाल सराफा थाना पुलिस शिकायत की जांच में जुटी है। वहीं समाज के भीतर यह विवाद अब चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, क्योंकि दोनों पक्ष फिलहाल पीछे हटने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं।


नकली नोट नेटवर्क में बड़ा खुलासाः आरोपी सैफुल इस्लाम निकला डॉक्टर, आरोपी के पास से पकड़ाए फेक

IAS अधिकारी के फॉर्म हाउस में जुआ मामलाः तत्कालीन टीआई को हाईकोर्ट से मिली राहत, निलंबन आदेश रद्द

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

