नवादा। जिले में एक बेहद हैरान कर देने वाली और क्रूर घटना सामने आई है जहां एक युवक को अपनी प्रेमिका से बात करने के शक में अपनी शारीरिक अंगों की गंभीर क्षति उठानी पड़ी। बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के पारनवादा मलिक टोला में घटी इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है।

​क्या है पूरा मामला?

पीड़ित युवक की पहचान 23 वर्षीय अमर कुमार के रूप में हुई है जो कृष्ण ठाकुर का बेटा है। घटना के दिन अमर घर से आटा लेने के लिए बाहर निकला था। वह फोन पर किसी से बात कर रहा था तभी अचानक उसकी प्रेमिका का भाई वहां आ धमका। आरोपी ने अमर पर अपनी बहन से बात करने का शक जाहिर किया। अमर ने सफाई देते हुए कहा कि उन दोनों का ब्रेकअप छह महीने पहले ही हो चुका है और उसने लड़की का नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। बावजूद इसके आरोपी ने अमर की एक न सुनी और तैश में आकर चाकू से उसके बाएं कान पर हमला कर दिया।

​क्रूरता की पराकाष्ठा: सुनने लायक नहीं छोड़ेंगे

आरोपी ने हमले के दौरान बेहद डरावने शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा जिस कान से तुम सुनते हो उस कान से सुनने लायक ही तुम्हें नहीं छोड़ेंगे। इस भयावह हमले में अमर बुरी तरह घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अमर को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गनीमत यह रही कि परिजन कटे हुए कान के हिस्से को ठंडे पानी की बोतल में सुरक्षित रखकर अस्पताल पहुंचे, जिससे डॉक्टरों को इलाज में मदद मिली।

​छह महीने पहले हुआ था ब्रेकअप

अमर के अनुसार वह और युवती करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे और साथ पढ़ाई करते थे। युवती की शादी तय होने की बात सामने आई है। अमर का दावा है कि काफी समय से उनका कोई संपर्क नहीं था फिर भी महज पुराने शक के आधार पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित के माता-पिता ने फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साधे रखी है जबकि आरोपी पक्ष से संपर्क करने की कोशिशें नाकाम रही हैं।

​पुलिस की कार्रवाई

इस मामले पर बुंदेलखंड थाना प्रभारी धर्मवीर कुमार ने संज्ञान लेते हुए कहा कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डॉ. विक्रम कुमार ने बताया कि पीड़ित का उपचार कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।