राजधानी दिल्ली के पार्कों में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) एक नई पहल पर विचार कर रही है। आने वाले समय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स को पार्क प्रहरी के रूप में तैनात किया जा सकता है। पार्कों की सुरक्षा को लेकर हुई एक बैठक में गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को इस दिशा में काम करने की सलाह दी है। इस पहल का उद्देश्य राजधानी के पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और वहां होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना है।
ऐप या वेबसाइट के जरिए होगा रजिस्ट्रेशन
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस को सुझाव दिया है। इसके लिए पुलिस को एक ऐप या वेबसाइट तैयार करने की सलाह दी गई है, जहां इच्छुक NCC कैडेट अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इस काम के लिए कैडेट्स को दिल्ली पुलिस की ओर से पारितोषिक भी दिया जा सकता है। दिल्ली पुलिस पार्कों में शाम के समय कुछ घंटों के लिए NCC कैडेट्स की सेवाएं ले सकती है। इच्छुक कैडेट्स के पंजीकरण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा सकता है। इसके जरिए कैडेट्स अपनी उपलब्धता के अनुसार इस व्यवस्था से जुड़ सकेंगे। उन्हें उनकी भागीदारी के लिए पारितोषिक देने का भी प्रस्ताव है।
आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद बढ़ी चिंता
दरअसल, बीते सितंबर में दक्षिण दिल्ली के अमर कॉलोनी स्थित आस्था कुंज पार्क में एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस वारदात ने राजधानी के सार्वजनिक पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। घटना के बाद पुलिस, नगर निगम और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के पार्कों का सुरक्षा ऑडिट कराया था। पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाल ही में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसी बैठक में पार्कों की निगरानी के लिए NCC कैडेट्स की सेवाएं लेने का सुझाव दिया गया।
हर घंटे पार्क के अंदर गश्त करेगा एक गार्ड
बैठक में तय किया गया कि दो एकड़ या इससे बड़े पार्कों के प्रवेश और निकास द्वार पर कम से कम दो सुरक्षा गार्ड मौजूद रहेंगे। इनमें से एक गार्ड प्रत्येक घंटे पार्क के अंदर गश्त लगाएगा, ताकि पार्क के भीतर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके साथ ही सभी पार्कों में इंडियन रोड्स कांग्रेस के निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। अंधेरे और कम रोशनी वाले हिस्सों को सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
दिसंबर से पहले टूटी चारदीवारी की होगी मरम्मत
गृह मंत्रालय ने संबंधित एजेंसियों को आगामी दिसंबर से पहले पार्कों की टूटी हुई चारदीवारी की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। इससे पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ अनधिकृत प्रवेश को रोकने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पार्कों में प्रवेश और निकास द्वारों की संख्या को लेकर भी अध्ययन करने को कहा गया है। इस बात की समीक्षा की जाएगी कि किन पार्कों में प्रवेश-निकास द्वारों की संख्या बढ़ाने या घटाने की जरूरत है।
30 नवंबर तक बड़े पार्कों में लगाने होंगे CCTV कैमरे
बैठक में दिल्ली के सभी बड़े पार्कों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को पहले से लगे कैमरों की स्थिति का ऑडिट करने के निर्देश दिए गए हैं। गृह मंत्रालय ने बड़े पार्कों में 30 नवंबर तक CCTV कैमरे लगाने की समयसीमा निर्धारित की है।
आस्था कुंज पार्क की घटना के बाद सुरक्षा पर जोर
दरअसल, बीते महीने कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में फरीदाबाद की एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस वारदात के बाद दिल्ली के पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस, नगर निगम और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के पार्कों का सुरक्षा ऑडिट शुरू किया। अब गृह मंत्रालय की बैठक में गार्डों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी और चारदीवारी की मरम्मत जैसे उपायों को लागू करने पर जोर दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

