Neeraj Chopra Diamond League: भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतने वाले स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा अब अगले बड़े इम्तिहान के लिए तैयार हैं। नीरज 21 अगस्त को स्विट्जरलैंड के लॉजेन में होने वाली डायमंड लीग के अगले चरण में हिस्सा लेंगे। चोट से वापसी कर रहे भारतीय स्टार के लिए यह सीजन का तीसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद नई चुनौती
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज चोपड़ा ने 85.83 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इससे पहले उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग में कमर की चोट से वापसी करते हुए 85.69 मीटर का थ्रो किया था और चौथे स्थान पर रहे थे। सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज ने कहा था कि उनकी वापसी सही दिशा में है और आने वाली प्रतियोगिताओं में वह अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।
अरशद और पथिरागे समेत कई दिग्गज होंगे मैदान में

लॉजेन डायमंड लीग में नीरज के सामने पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, श्रीलंका के कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 गोल्ड मेडलिस्ट रुमेश पथिरागे, त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वॉलकॉट, ग्रेनाडा के पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स और जर्मनी के ओलंपिक चैंपियन थॉमस रोहलर जैसी बड़ी चुनौती होगी।
इसके अलावा चेक गणराज्य के टोक्यो ओलंपिक रजत पदक विजेता याकूब वाडलेच, जर्मनी के जूलियन वेबर, स्विट्जरलैंड के साइमन वीलैंड और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
रुमेश पथिरागे सबसे बड़े दावेदार

श्रीलंका के रुमेश पथिरागे इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 89.75 मीटर का थ्रो कर गोल्ड मेडल जीता था। वहीं रोम डायमंड लीग (गोल्डन गाला) में उन्होंने 92.67 मीटर का थ्रो कर नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। मौजूदा सीजन में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले वह इकलौते जेवलिन थ्रोअर हैं, जिससे उन्हें इस प्रतियोगिता का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद नीरज ने भी पथिरागे की तारीफ करते हुए कहा था कि वह बेहतरीन खिलाड़ी होने के साथ अच्छे दोस्त भी हैं और इस साल उनका प्रदर्शन शानदार रहा है।
लॉजेन में शानदार रहा है नीरज का रिकॉर्ड

लॉजेन नीरज चोपड़ा के लिए हमेशा से सफल ट्रैक रहा है। उन्होंने 2022 में यहां 89.08 मीटर का थ्रो कर डायमंड लीग का खिताब अपने नाम किया था। वहीं 2024 में 89.49 मीटर की दूरी तय कर दूसरे स्थान पर रहे थे। ऐसे में एक बार फिर भारतीय स्टार इसी मैदान पर दमदार प्रदर्शन दोहराने की कोशिश करेंगे।
एशियाई खेलों से पहले अहम परीक्षा
21 अगस्त को होने वाली यह प्रतियोगिता नीरज चोपड़ा के लिए एशियाई खेल 2026 की तैयारियों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी नीरज चोपड़ा, अरशद नदीम और रुमेश पथिरागे के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। ऐसे में लॉजेन डायमंड लीग को इन तीनों दिग्गज खिलाड़ियों के बीच एक अहम मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


