Lausanne Diamond League 2026: स्टार भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद अपने पहले बड़े मुकाबले में उतरे नीरज ने 88.05 मीटर का थ्रो किया। यह इस सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। हालांकि, वह खिताब जीतने से महज 8 सेंटीमीटर दूर रह गए और दूसरे स्थान पर रहे।

दूसरे प्रयास में दिखाया दम

नीरज ने प्रतियोगिता की शुरुआत 83.54 मीटर के थ्रो से की। वहीं श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने पहले प्रयास में 85.99 मीटर का थ्रो कर बढ़त बना ली।

दूसरे राउंड में नीरज ने जोरदार वापसी की। उन्होंने 88.05 मीटर दूर भाला फेंककर नया सीजन बेस्ट दर्ज किया और कुछ समय के लिए नंबर-1 स्थान पर पहुंच गए। इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 85.83 मीटर रहा था।

8 सेंटीमीटर से हाथ से निकला खिताब

तीसरे राउंड में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। पथिरागे ने 88.14 मीटर का थ्रो कर नीरज को पीछे छोड़ दिया। दोनों के बीच सिर्फ 8 सेंटीमीटर का अंतर रहा।

नीरज ने तीसरे प्रयास में 83.72 मीटर का थ्रो किया। चौथा प्रयास उनका फाउल रहा, जबकि पांचवें राउंड में उन्होंने थ्रो नहीं किया।

आखिरी थ्रो में 86.69 मीटर

छठे और आखिरी राउंड में नीरज ने 86.69 मीटर का थ्रो किया, लेकिन यह उन्हें शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा। अंत में उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद वापसी करते हुए 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट दर्ज करना नीरज के लिए अच्छी खबर है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H