NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धरना स्थल से हटा दिया। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, डी.के. शिवकुमार और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिए गए हैं। इस दौरान राहुल के नाक पर चोट लगने की बात भी सामने आ रही है। सभी प्रदर्शनकारियों को पुलिस बस में भरकर मॉडल टाउन पुलिस थाने लेकर जा रही है।
NEET मुद्दे पर विपक्ष का सरकार पर हमला
कांग्रेस ने NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं और छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मामले में सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा रद्द करने या पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। इसके अलावा राहुल ने छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की भी मांग उठाई है।
राहुल गांधी ने उठाए छात्रों के भविष्य पर सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने विपक्ष की ओर से इस मुद्दे को संसद में उठाने और छात्रों की आवाज मजबूती से रखने की बात कही।
सरकार ने कहा- बातचीत को तैयार
इस बीच सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद जानकारी देते हुए बताया कि, सरकार इस मुद्दे पर संसद में बातचीत को तैयार है। जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार के शीर्ष नेतृत्व से अनुमति लेने के बाद राहुल गांधी को आश्वासन दिया गया कि NEET और उससे जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा के लिए सरकार तैयार है।
राहुल गांधी ने रखी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उनके अनुसार, सरकार की ओर से चर्चा की मांग स्वीकार किए जाने के बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी सामने रख दी।
जितेंद्र सिंह का कहना है कि राहुल गांधी ने कहा कि अब उनकी दो मांगें हैं—पहली, संसद में NEET पर चर्चा और दूसरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा। मंत्री के मुताबिक, जब राहुल गांधी को उनकी पहले की मांग की याद दिलाई गई, तो उन्होंने कहा कि अब उनकी मांगें बदल गई हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


