नीट (यूजी) री-एग्जाम (NEET (UG)-2026 Re-examination) के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर देशभर में विशेष व्यवस्था की गई है. उत्तर प्रदेश में भी आज परीक्षा होने वाली है. प्रदेश के 59 जनपदों आयोजित होने वाली इस परीक्षा में करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में एक ही पाली में होगी. इसके सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी की है. लखनऊ के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) के मुताबिक इस परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की है.

लखनऊ में 75 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. पुलिस की तैनाती तीन स्तरों पर की गई है. पहली टीम सेंटर तक क्वेश्चन पेपर पहुंचाने और बाद में छात्रों की आंसर शीट इकट्ठा करने के लिए जिम्मेदार है. इस टीम में CAPF के दो जवान और पुलिस बल के दो कांस्टेबल शामिल होंगे. इसके अलावा उम्मीदवारों की जांच और तलाशी संभालने के लिए हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. बताया जा रहा है कि पेपर ले जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस लगाया गया है.

इसे भी पढ़ें : कुछ भी हो, मैं हमेशा आपके साथ हूं… राहुल गांधी ने Re-NEET देने वाले सभी अभ्यर्थियों को दी शुभाकामनाएं, कहा- पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दीजिए

एग्जाम को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर मल्टी लेयर सिक्योरिटी तैयार की गई है. वहीं सीएम योगी की घोषणा के मुताबिक राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में एडमिट कार्ड दिखाने पर किराए में 50% छूट दी जाएगी. वहीं दूसरे जिलों में परीक्षा देने जाने वाले उम्मीदवारों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए गए हैं.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में परीक्षा देखते हुए योगी सरकार ने फ्री बस सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाए. उन्होंने परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने, अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और आवश्यकता होने पर अन्य जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए. इससे पहले 3 मई को NEET एग्जाम हुआ था. लेकिन पेपर लीक के चलते 12 मई को एग्जाम कैंसिल कर दिया गया था.