नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी मिल गई है।

ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड

उम्मीदवार सबसे पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर उपलब्ध “NEET (UG) 2026 Admit Card” लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपना एप्लीकेशन नंबर, जन्म तिथि और सुरक्षा पिन दर्ज कर लॉगिन करें। सबमिट करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। भविष्य की जरूरतों और परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए इसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना आवश्यक है।

परीक्षा अवधि में बड़ा बदलाव

इस वर्ष NTA ने परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि बढ़ा दी है। अब परीक्षा 195 मिनट (3 घंटे 15 मिनट) की होगी। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे शुरू होकर शाम 5:15 बजे समाप्त होगी।

छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त लाभ

NTA के अनुसार, बढ़ी हुई समयावधि का उद्देश्य परीक्षा केंद्र पर उपस्थिति दर्ज कराने, हस्ताक्षर और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं में लगने वाले समय की भरपाई करना है। इसके अलावा, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में जटिल गणनाओं को आसान बनाने के लिए प्रश्न पुस्तिका में रफ वर्क हेतु अतिरिक्त स्थान भी उपलब्ध कराया गया है।

अभ्यर्थियों के लिए सलाह

उम्मीदवार एडमिट कार्ड में दर्ज सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें और परीक्षा से पहले केंद्र का स्थान सुनिश्चित कर लें। अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए परीक्षा दिवस पर निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना बेहतर रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m