21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG री-एग्जाम को पूरी तरह सुरक्षित, पारदर्शी और लीक-प्रूफ बनाने के लिए केंद्र सरकार ने इस बार अभूतपूर्व कदम उठाया है। परीक्षा के प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई की जिम्मेदारी सीधे भारतीय वायुसेना (IAF) को सौंपी गई है। जो पिछले चार दिनों से देशभर में निर्धारित 18 जोन्स तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के विशेष अभियान में जुटी हुई है।

आसमान से सुरक्षा, जमीन पर कड़ी निगरानी

पिछले साल पेपर लीक विवाद के बाद सरकार इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं चाहती। यही वजह है कि प्रश्नपत्रों के सीलबंद बक्सों को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए वायुसेना के Mi-17 हेलीकॉप्टरों और बड़े मालवाहक विमानों की तैनाती की गई है। पूरे ऑपरेशन की निगरानी उच्च स्तर पर की जा रही है ताकि सुरक्षा में कोई सेंध न लग सके।

चार दिनों में 200 से ज्यादा उड़ानें

सूत्रों के मुताबिक, 13 जून से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अब तक वायुसेना 200 से अधिक उड़ानें पूरी कर चुकी है। प्रश्नपत्रों को पहले प्रमुख वितरण केंद्रों तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वायुसेना की मदद से प्रश्नपत्रों की ढुलाई तेज, सुरक्षित और पूरी तरह गोपनीय तरीके से संभव हो सकी है।

पेपर लीक विवाद के बाद बड़ा फैसला

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों ने देशभर में विवाद खड़ा कर दिया था। 22 लाख से अधिक छात्रों से जुड़ी इस परीक्षा पर सवाल उठने के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा और परीक्षा को रद्द करना पड़ा।

अबतक 12 छात्र-छात्राओं ने की आत्महत्या

बता दें कि, NEET पेपर लीक मामला सामने आने के बाद से अबतक 12 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की है। सभी मृतक एग्जाम कैंसल होने के बाद से बेहद तनाव में थे। ताजा मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले से सामने आया है जहाँ एक 19 वर्षीय नीट अभ्यर्थी अनुनकीर्तन ने आत्महत्या कर ली है. वह पहले दो बार नीट परीक्षा दे चुकी थी और इस साल एक बार फिर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। इसके अलावा अहमदाबाद के न्यू रानीप इलाके में बुधवार रात करीब 2:30 बजे 17 साल के छात्र ने आनंदम फ्लैट्स के ब्लॉक बी की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस जांच में पता चला कि छात्र NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था।