सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के आवेदनों का सत्यापन यानी वेरिफिकेशन न करने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ ने काम में बड़ी लापरवाही बरतने के आरोप में 9 ग्राम सचिवों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि कई गांवों में महिलाओं से आवेदन तो ले लिए गए, लेकिन ग्राम सचिवों ने अपने पोर्टल पर उनका मिलान और आगे की कार्रवाई शुरू ही नहीं की थी।

पात्र महिलाओं को नहीं मिल पा रहा था लाभ
इस घोर लापरवाही के कारण योजना की हकदार महिलाओं को समय पर इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार ने निलंबन के आदेश जारी किए। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सस्पेंशन के दौरान सभी ग्राम सचिव अपने संबंधित कार्यालय से जुड़े रहेंगे और बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़कर कहीं बाहर नहीं जा सकेंगे। इस अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार केवल निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा। इसके साथ ही इन सभी कर्मचारियों के खिलाफ अलग से आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा।

नीलोखेड़ी और इंद्री ब्लॉक के कर्मचारियों पर गिरी गाज
सीईओ ने बताया कि निलंबित किए गए 9 ग्राम सचिवों में से 8 नीलोखेड़ी ब्लॉक के हैं और 1 इंद्री ब्लॉक का कर्मचारी है। इंद्री ब्लॉक के स्वर्ण माजरा गांव के ग्राम सचिव अमित कुमार को निलंबित किया गया है।
वहीं नीलोखेड़ी ब्लॉक के डबरथला गांव के ग्राम सचिव अमित, जांबा गांव के सुनील कुमार, कोयर गांव के जितेंद्र कुमार, शामगढ़ गांव के नरेश कुमार, सिद्धपुर गांव के मंगतराम और सुलतानपुर गांव के ग्राम सचिव अमित अहलावत सहित अन्य कर्मचारियों पर यह कार्रवाई की गई है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर हुई कार्रवाई
जिला परिषद के सीईओ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इन पंचायतों में काम शुरू तक नहीं किया गया था, जो कि प्रशासनिक कार्यों में एक बहुत बड़ी लापरवाही है। उच्च अधिकारियों द्वारा इस देरी का कारण पूछने पर संबंधित कर्मचारियों की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिसके चलते यह कड़ी कार्रवाई करना जरूरी हो गया। उन्होंने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने लाई जाएंगी और आगे की विभागीय जांच तेजी से शुरू की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

