हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर में कुत्ते को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा को घर के बाहर घेरकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग छात्रा के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्रवाई को लेकर खड़ा हो रहा है। छात्रा का भाई जब मदद मांगने और पुलिस बुलाने थाने पहुंचा, तो कार्रवाई आरोपियों पर नहीं बल्कि उसी पर हो गई। पुलिस ने छात्रा के भाई पर प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। इसके बाद पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

“सीने पर बैठकर पीटा, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को बचाया”

पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी बग्गू पवार समेत 4 से 5 लोगों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। छात्रा का कहना है कि आरोपियों ने उसे जमीन पर गिराया और सीने पर बैठकर पीटा। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कोई उसे बचाने नहीं आया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में कुछ मुस्लिम युवक भी शामिल थे, जिनके खिलाफ उसने पुलिस को नाम बताकर शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की।

“वीडियो सामने, फिर भी पुलिस ने नहीं देखे CCTV”

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस ने कथित तौर पर न तो CCTV फुटेज खंगाले और न ही वीडियो की गंभीरता से जांच की। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने बिना जांच किए सिर्फ क्रॉस केस दर्ज कर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की। छात्रा का कहना है कि जब भी वह शिकायत लेकर थाने पहुंचती है तो पुलिसकर्मी उसे गलत शब्द बोलकर भगा देते हैं। पीड़िता ने पुलिस पर लेनदेन के आरोप भी लगाए हैं।

थाना प्रभारी बोले- “दोनों पक्षों में हुआ था विवाद”

मामले में चंदन नगर थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्ष पड़ोसी हैं और आपसी विवाद के चलते दोनों के खिलाफ क्रॉस कायमी की गई है। पुलिस का दावा है कि नियमानुसार कार्रवाई की गई है। लेकिन वायरल वीडियो और पीड़िता के आरोपों ने पुलिस की कार्रवाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर वीडियो में लड़की के साथ मारपीट साफ दिखाई दे रही है, तो फिर मुख्य आरोपियों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

अब पीड़िता की मांग- सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो

घटना के बाद पीड़ित परिवार डरा हुआ है। छात्रा अब उन सभी लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रही है, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक छात्रा के साथ खुलेआम मारपीट होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई इतनी कमजोर क्यों दिखाई दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m