सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराध का रास्ता छोड़कर नशे की काली दुनिया में कदम रखने वाले कुख्यात माफिया नाजिम खान के साम्राज्य पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। सुखा नशे का अवैध धंधा चलाकर लाखों-करोड़ों की संपत्ति जुटाने वाला नाजिम खान आखिरकार कानून के शिकंजे से बच नहीं सका। हरसिद्धि थाना पुलिस ने एक विशेष कार्रवाई के तहत लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा और अन्य संदेहास्पद सामान के साथ मुख्य सरगना और उसके गुर्गों को दबोच लिया है।
लग्जरी गाड़ी से 17 पैकेट गांजा बरामद
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान तस्करों के पास से एक कीमती लग्जरी कार, 17 पैकेट गांजा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कई मोबाइल फोन और अन्य सामग्रियां जब्त की गईं। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना नाजिम खान के साथ सहीम राय और साबिर हुसैन भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो।


नेपाल सीमा से संचालित हो रहा था तस्करी का सिंडिकेट
मामले का खुलासा करते हुए अरेराज के एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि नाजिम खान का नशे के कारोबार में एक लंबा-चौड़ा नेटवर्क फैला हुआ था। यह गिरोह सीधे नेपाल से गांजे की बड़ी खेप मंगाकर इलाके में सप्लाई करता था। पहले अपराध की दुनिया में सक्रिय रहने के बाद, नाजिम ने पुलिस से बचने के लिए इस अवैध कारोबार को अपना मुख्य जरिया बनाया था और इसके जरिए अकूत काली कमाई कर रहा था।
कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी नाजिम खान पर हरसिद्धि, पिपरा और अरेराज थानों में पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया है कि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस हर एंगल से गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों के बैंक खातों और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों का भी ब्योरा जुटाया जा रहा है ताकि इस सिंडिकेट से जुड़े हर चेहरे बेनकाब हो सकें।

