दिल्ली-NCR के लोगों के लिए कैब सेवा का एक नया विकल्प उपलब्ध हो गया है। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा(Majindar Singh Sirsa) और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) ने वियतनाम की मोबिलिटी कंपनी Green SM की 1000 ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस में सेवाएं शुरू करने के बाद अब Green SM ने भारत में भी अपनी एंट्री कर ली है। शुरुआती चरण में कंपनी की इलेक्ट्रिक कैब सेवाएं दिल्ली-NCR के प्रमुख इलाकों में उपलब्ध होंगी। बाद में मांग और उपयोगकर्ता प्रतिक्रिया के आधार पर इसका विस्तार अन्य क्षेत्रों तक किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसी पर्यावरण अनुकूल पहलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो प्रदूषण कम करने के साथ-साथ लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार लाएं। उन्होंने कहा कि राजधानी में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सिरसा ने कहा, “पौधारोपण, स्वच्छ तकनीक और ग्रीन मोबिलिटी जैसी पहलें एक स्वस्थ और बेहतर दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा की शुरुआत भी इसी दिशा में एक अहम उपलब्धि है, जो प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती देगी।” उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, बल्कि लोगों को आधुनिक, स्वच्छ और किफायती परिवहन का विकल्प भी मिलेगा। सरकार भविष्य में भी ऐसी पहलों को प्रोत्साहित करती रहेगी।

7-सीटर इलेक्ट्रिक टैक्सियों में मिलेंगी प्रीमियम सुविधाएं

Green SM की इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। कंपनी द्वारा सड़कों पर उतारी गई गाड़ियां पूरी तरह कंपनी के स्वामित्व में हैं और इन्हें विशेष रूप से बेहतर यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है। कंपनी के अनुसार, शुरुआती चरण में 7-सीटर इलेक्ट्रिक वाहनों को सेवा में शामिल किया गया है। इन गाड़ियों का लक्ष्य मुख्य रूप से प्रीमियम ग्राहक वर्ग है, जिसकी हिस्सेदारी कैब बाजार में लगभग 7 से 10 प्रतिशत मानी जाती है।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहनों में कई आधुनिक सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। इनमें CCTV कैमरे, इमरजेंसी सपोर्ट बटन और इन-कार मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रा के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। कंपनी ने बताया कि ग्राहक इसकी सेवाओं का उपयोग मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकेंगे। इसके अलावा हॉटलाइन नंबर के जरिए भी टैक्सी बुक करने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को बुकिंग के लिए कई विकल्प मिलेंगे।

दिल्ली-NCR से ही क्यों शुरू हुई Green SM की इलेक्ट्रिक कैब सेवा?

दिल्ली-NCR में वियतनामी मोबिलिटी कंपनी Green SM की इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा की शुरुआत सबसे पहले इसलिए की गई क्योंकि यह क्षेत्र पूरे देश की विविधता और ट्रैवल पैटर्न का प्रतिनिधित्व करता है। कंपनी के भारत परिचालन प्रमुख (COO) मनोज रविकांति ने बताया कि दिल्ली-NCR एक ऐसा बाजार है जहां अलग-अलग प्रकार के यात्री दैनिक यात्रियों से लेकर बिजनेस और एयरपोर्ट ट्रैवल करने वालों तक मिलते हैं। इसी वजह से कंपनी ने अपनी सेवा का पहला चरण यहीं से शुरू करने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि दिल्ली अपनी विविधता और मांग के पैटर्न के कारण पूरे भारत का एक “रियल टेस्ट मार्केट” माना जाता है। यहां सेवा सफल होने के बाद इसे अन्य राज्यों में भी चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि सेवा में शामिल सभी ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसमें सड़क सुरक्षा, यात्री व्यवहार और ग्राहक सेवा से जुड़े पहलुओं पर विशेष फोकस रखा गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव देना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m