सतीश दुबे, डबरा(ग्वालियर)। भोपाल में पदस्थ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के निरीक्षक आनंद कुमार पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में दो दिन बाद ही नया मोड़ आ गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कराने वाली 34 वर्षीय पीड़िता ने मीडिया के सामने आकर यू-टर्न ले लिया है। महिला ने ग्वालियर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह और महिला थाने में पदस्थ रश्मि भदौरिया पर दबाव बनाकर और जबरन एफआईआर दर्ज कराने का गंभीर आरोप लगाया है।

पारिवारिक संबंध हैं, कोई शोषण नहीं हुआ

मीडिया से चर्चा करते हुए महिला ने बताया कि एसटीएफ निरीक्षक आनंद कुमार के साथ उसके पहले से ही पारिवारिक संबंध हैं, जो आज भी कायम हैं। पीड़िता के अनुसार- उसने पहले अपने पिता के कहने पर पुलिस में शिकायत आवेदन दिया था, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया था। उसने अपने साथ किसी भी प्रकार के शारीरिक शोषण होने की बात से साफ इनकार किया है। पीड़िता ने बताया कि मामले को समाप्त करने के लिए उसने पुलिस को शपथ पत्र (Affidavit) भी सौंपा था। इसके बावजूद पुलिस ने जबरन उसका मेडिकल परीक्षण कराया और दबाव डालकर मामले में एफआईआर दर्ज की।

क्या था मामला?

पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार, घटना 2022 की बताई गई थी जब आनंद कुमार ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र (गिजौर्रा/टेकनपुर) में सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर तैनात थे। आरोप था कि पारिवारिक विवाद के दौरान निरीक्षक ने महिला से संपर्क कर मदद का आश्वासन दिया और बाद में अपनी पत्नी के कैंसर से पीड़ित होने तथा उसकी मृत्यु के बाद शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप था कि शादी के दबाव पर इनकार करने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, अब पीड़िता द्वारा पुलिस अधिकारियों पर ही दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई और दबाव के आरोप लगाए जाने के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है।

MP Weather: मध्य प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, डिंडौरी-बालाघाट में 8 इंच तक बारिश का अनुमान

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m