अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने भारतीय प्रवासी समुदाय को नवरात्रि और ‘सिंदूर खेला’ समेत विभिन्न हिंदू त्योहारों की शुभकामनाएं दीं. ममदानी ने कहा कि इस सप्ताह उनके हिंदू पड़ोसी नवरात्र का पर्व मना रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘आप इस त्योहार को चाहे दुर्गा पूजा, दशईं, दशहरा या नवरात्र के रूप में मनाते हों, मेरी कामना है कि यह पर्व आपको आत्मचिंतन करने और नए सिरे से शुरुआत करने का अवसर दे.’’
न्यूयॉर्क के व्हाइट प्लेन्स स्थित ‘हिंदू टेंपल ऑफ ट्राई-स्टेट’ ने नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर कई दिनों तक चलने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिनमें डांडिया, गरबा, अष्टमी पूजा और कन्या पूजन शामिल हैं.
न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस सप्ताह हमारे हिंदू पड़ोसी नवरात्र के दौरान देवी दुर्गा की पूजा कर रहे हैं. वे गरबा करेंगे, सिंदूर खेला के जरिए देवी दुर्गा की आराधना करेंगे. ममदानी ने गरबा, सिंदूर खेला, बुजुर्गों से टीका लेने और घरों में गोलू सजाने जैसी परंपराओं का उल्लेख किया.
न्यूयॉर्क शहर, न्यूयॉर्क राज्य और अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में कई हिंदू संगठनों ने दुर्गा पूजा, नवरात्र और अन्य त्योहारों को धूमधाम से मनाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है.
ममदानी के संदेश में भारतीय समुदाय की विविध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाई दी. भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में नवरात्र और दशहरे को अलग-अलग रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है.
उन्होंने कहा कि यह पर्व आपको आत्मचिंतन करने और नए सिरे से शुरुआत करने का अवसर दे. अमेरिका में भारतीय समुदाय दशहरा यानी विजयादशमी का पर्व उत्साह और पारंपरिक आयोजनों के साथ मनाता है. कई बड़े शहरों में विशेष रामलीला का मंचन किया जाता है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

