Bihar Crime: बिहार के सहरसा में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव की 21 वर्षीय पत्नी निधि कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा मामला बलवाहाट थाना क्षेत्र के हरियो गांव वार्ड संख्या 13 का बताया जा रहा है।

बिन मां की हुई नवजात बच्ची

मृतका निधी कुमारी की मां ने सुनीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी अपने एक महीने की नवजात बेटी के साथ अंदर कमरे में सो रही थी, जब बहुत देर तक वह बाहर नहीं निकली तब उन्होंने उसे जगाने का प्रयास किया। लेकिन कमरे के अंदर से कोई हलचल नहीं हुआ, जिसके बाद किसी अनहोनी की आशंका को लेकर उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, अंदर कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। उनकी बेटी निधि फंदे के सहारे लटकी हुई थी।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में शोर मच गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने जब तक निधि को फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

पति ने दिल्ली में छोड़ा, मायके रह रही थी निधि

मृतका की मां ने बताया कि निधि की शादी बीते वर्ष नवहट्टा प्रखंड के हाटी गांव निवासी रौशन यादव के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद वह निधी को लेकर दिल्ली चला गया। दोनों के बीच कुछ दिन सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। लेकिन बाद में उसका पति उसे प्रताड़ित करने लगा और 20 मार्च को उसे दिल्ली के करोल बाग में छोड़ दिया, जिसके बाद से वह हमारे साथ रह रही थी।

दामाद पर लगाया पैसे मांगने का आरोप

उन्होंने बताया कि इस दौरान उनकी बेटी ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी का जन्म होने के बाद रौशन उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगा, जिसे लेकर निधि तनाव में रहती थी। उन्होंने रौशन पर बार-बार पैसे मांगने का भी आरोप लगाया। फिहालह पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से अभी तक किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: घर में मौजूद अकेली युवती के साथ गांव के युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार