कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक विवाहिता की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेजाब पीने के बाद अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही 26 साल की निशा राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। लेकिन मौत से पहले सामने आए उसके वीडियो बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में निशा ने अपने पति पर जबरन तेजाब पिलाने, लगातार मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि मृतका दो महीने की गर्भवती थी। अब पुलिस वीडियो,पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुराने शिकायत रिकॉर्ड के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

READ MORE: विवाहिता ने तेजाब पीकर किया सुसाइड: घरेलू विवाद से थी परेशान, जांच में जुटी पुलिस

 दरअसल मामला ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू मेहरा कॉलोनी का है। यहां रहने वाली 26 वर्षीय निशा राठौर ने 22 जून को तेजाब पी लिया था। गंभीर हालत में उसे जयारोग्य अस्पताल के 1000 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लेकिन मौत से पहले रिकॉर्ड हुए एक वीडियो में निशा ने अपने पति गजेंद्र राठौर पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उसने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों से पति लगातार उसके साथ मारपीट कर रहा था और विरोध करने पर उसे जबरन तेजाब पिला दिया। मामले को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि निशा दो महीने की गर्भवती थी। उसने गर्भवती होने की जानकारी अपनी मां को भी दी थी। ऐसे में इस घटना में गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। 

शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह पहली बार नहीं था जब निशा ने अपने पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हों। करीब ढाई साल पहले 31 दिसंबर 2023 को भी उसने थाटीपुर थाने में दहेज की मांग और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय पति गजेंद्र राठौर ने पुलिस के सामने लिखित में अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या प्रताड़ना नहीं करने का आश्वासन दिया था। इतना ही नहीं, उसने यह भी लिखा था कि भविष्य में यदि पत्नी के साथ कोई घटना होती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

READ MORE: लव जिहाद! बस स्टैंड पर मुस्लिम युवक के साथ मिली शादीशुदा हिंदू महिला, गर्भपात कराने की साजिश का दावा, बजरंग दल ने थाना प्रभारी पर भी लगाए गंभीर आरोप

आपको बता दे कि निशा और गजेंद्र की शादी 1 मई 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद और घरेलू कलह की शिकायतें सामने आती रही थीं। अब महिला की मौत के बाद उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने शव का पैनल पोस्टमार्टम कराया है और वीडियो बयान, मेडिकल दस्तावेज के साथ ही अन्य वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या निशा ने खुद तेजाब पिया था या फिर उसे जबरन तेजाब पिलाया गया? मौत से पहले दिए गए वीडियो बयान और पुराने शिकायत रिकॉर्ड क्या इस मामले को हत्या के आरोप तक ले जाएंगे? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक सबूतों के बाद ही सामने आएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m