कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने का बड़ा आरोप लगाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कड़े शब्दों में कहा कि चुनाव में लगातार मिल रही हार से बौखलाया विपक्षी ‘INDI गठबंधन’ अब देश को अस्थिर करने की होड़ में लगा हुआ है।
सीजेपी और विदेशी ताकतों की आड़ में अराजकता
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल सीजेपी (CJP) तथा संदिग्ध विदेशी ताकतों की आड़ लेकर भारत के जनादेश का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही चुनावी नाकामियों के कारण विपक्ष का धैर्य जवाब दे चुका है। यही वजह है कि अब लोकतांत्रिक माध्यमों के बजाय अराजकतावादी रास्ते चुनकर देश के माहौल को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और जनता देगी करारा जवाब
बीजेपी अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भारत के जागरूक नागरिक और राष्ट्रभक्त जनता विपक्ष के इस दोहरे चरित्र और षड्यंत्रों को भली-भांति देख रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत के मजबूत लोकतंत्र पर हमला करने वाली किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजेपी और देश की देशभक्त जनता इन अराजकतावादी और विघटनकारी ताकतों को उनके इरादों में कभी सफल नहीं होने देगी और हर स्तर पर मुंहतोड़ जवाब देगी।

