धर्मेद्र यादव, निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की जेरोन नगर परिषद में आज अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। वर्तमान अध्यक्ष कुसुम मातादीन पस्तोर के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव पर आज मतदान हो रहा है, जिससे यहां की राजनीति सरगर्मी बढ़ी हुई है। बुधवार सुबह 7 बजे से ही अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वर्तमान अध्यक्ष के खिलाफ कुल 12 पार्षदों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था, जिस पर आज नगर के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान के शुरुआती घंटों में रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर रही, लेकिन सुबह 11 बजे तक करीब 26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें: निर्मला सप्रे दलबदल केस: विधानसभा सदस्यता मामले में सुप्रीम कोर्ट का अहम आदेश, स्पीकर को 2 महीने के भीतर फैसला लेने के दिए सख्त निर्देश
अनोखे चुनाव चिह्न ‘भरी’ और ‘खाली’ कुर्सी पर डाले जा रहे वोट
प्रशासन की ओर से इस पूरी मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नगर परिषद के सभी 15 वार्डों में कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रशासन की लगातार कड़ी निगरानी बनी हुई है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी बृजेश खरे के अनुसार, मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और अब तक किसी भी अप्रिय स्थिति या विवाद की सूचना नहीं मिली है। इस चुनाव की सबसे दिलचस्प बात इसमें इस्तेमाल किए जा रहे चुनाव चिह्न हैं, जहां मतदाताओं के लिए दो अनोखे विकल्प तय किए गए हैं, पहला ‘भरी हुई कुर्सी’, जो वर्तमान अध्यक्ष को उनके पद पर बनाए रखने के समर्थन को दर्शाता है, और दूसरा ‘खाली कुर्सी’, जो अध्यक्ष को उनके पद से हटाने के पक्ष में वोट करने के लिए है।
ये भी पढ़ें: छात्राओं के WhatsApp ग्रुप में भेजा आपत्तिजनक वीडियो! शिक्षक पर लगे आरोप, ABVP ने दी आंदोलन की चेतावनी
7,800 मतदाता करेंगे फैसला
जेरोन नगर परिषद क्षेत्र में कुल 7,800 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 4,032 पुरुष और 3,768 महिला मतदाता शामिल हैं, हालांकि सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने लगभग 7,700 मतदाताओं के शामिल होने का अनुमान जताया है। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान समाप्त होने के बाद अंतिम और स्पष्ट आंकड़े जारी किए जाएंगे। अधिकारियों ने इस चुनाव में 60 से 70 प्रतिशत तक कुल मतदान होने की संभावना जताई है। फिलहाल मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और अब सभी की निगाहें मतदान के अंतिम आंकड़ों और आने वाले परिणामों पर टिकी हुई हैं, जिससे यह साफ हो जाएगा कि कुसुम मातादीन पस्तोर अध्यक्ष पद पर अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब होती हैं या यह कुर्सी किसी और के हाथ जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

