हेमंत शर्मा, इंदौर। स्वच्छता में सिरमौर इंदौर शहर में आज (22 सितंबर) ‘नो कार डे’ (World Car Free Day) के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और वाहन प्रदूषण नियंत्रण का विशेष संदेश दिया गया। इस मुहिम में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए कार त्यागकर साइकिल और टू-व्हीलर का इस्तेमाल किया और आम जनता के सामने मिसाल पेश की।

कलेक्टर टू-व्हीलर तो कमिश्नर साइकिल से पहुंचे ऑफिस

अभियान के तहत इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा अपने गार्ड के साथ टू-व्हीलर (दुपहिया वाहन) पर सवार होकर कलेक्टोरेट पहुंचे। वहीं, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह अधिकारियों के साथ साइकिल चलाकर अपने कार्यालय (पुलिस कमिश्नर ऑफिस) पहुंचे। अधिकारियों की इस पहल ने शहरवासियों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई। इस अवसर पर अधिकारियों ने अपील की कि आम जनता छोटी दूरी तय करने के लिए निजी कारों के बजाय साइकिल, दोपहिया वाहनों या सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) का उपयोग करे।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी ! बोले- संध्या यादव मेरी बेटी जैसी, मेरे शब्दों को गलत तरीके से लिया गया

कार-फ्री डे का उद्देश्य

अधिकारियों के अनुसार, ‘नो कार डे’ महज एक दिन कार छोड़ने की प्रतीकात्मक गतिविधि नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उल्लेखनीय है कि 22 सितंबर को विश्व स्तर पर ‘कार-फ्री डे’ के रूप में मनाया जाता है, ताकि निजी चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल कम कर पैदल चलने, साइकिल चलाने और सार्वजनिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा सके। इंदौर में भी बीते कुछ वर्षों से इस दिन के माध्यम से प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ शहर का संदेश लगातार दिया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m