राजधानी दिल्ली समेत अन्य शहरो में पुरानी डीजल गाड़ियों से होने वाला प्रदूषण चिंता का कारण बना हुआ है। हालांकि अब हो सकता है कि सरकार जल्द ही पुरानी डीजल गाड़ियों को भी चलाने की इजाजत दे दे। इसके पीछे वजह है आईआईटी दिल्ली द्वारा विकसित खास डिवाइस जो कि पुरानी डीजल गाड़ियों का प्रदूषण 90 फीसदी तक नियंत्रित कर सकती है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस तकनीक को हरी झंडी दे दी है।
90 फीसदी तक कम कर देती है प्रदूषण
IIT दिल्ली द्वारा विकसित इस डिवाइस का नाम रेट्रोफिट एमिशन कंट्रोल डिवाइस (RECD) है। यह डिवाइस धुएं के साथ निकलने वाले पार्टिकुलेट मैटर को 90 फीसदी तक नियंत्रित कर लेती है। इसके अलावा नाइट्रोजन ऑक्साइड की मात्रा भी 60 फीसदी तक कम कर देती है। इसकी जानकारी देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि अगर बीएस-III या फिर बीएस-IV में इस डिवाइस को लगा दिया जाए तो यह बीएस-VI की तरह काम करने लगेगी।
क्या हो सकती है डिवाइस की कीमत
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि यह टेस्ट पूरी तरह कामयाब हो गया है। अब पुरानी गाड़ियों को लेकर बड़ी राहत दी जा सकेगी और हर गाड़ी को कबाड़ में देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि कमर्शल गाड़ी बेचकर नई गाड़ी खरीदने से लोगों की जेब पर भारी बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह डिवाइस ज्यादा महंगी नहीं होने वाली है। इसकी कीमत 4000 से 5000 रुपये के बीच ही रह सकती है।
जल्द ही ऑटोमोटिव इंडस्ट्री स्टैंडर्ड 228 के तहत ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। इसका इस्तेमाल डीजल से चलने वाले जनरेटर में भी किया जा सकता है। अगर यह डिवाइस प्रायोगिक तौर पर भी सफल रहती है तो लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
स्क्रैपिंग पर क्या बोले थे गडकरी
बीते दिनों नितिन गडकरी ने वाहन निर्माता कंपनियों से स्क्रैपिंग के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की अपील करते हुए कहा था कि इससे उनकी बिक्री बढ़ेगी और लागत कम होगी। गडकरी ने यहां वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के 66वें वार्षिक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि स्क्रैपिंग से वाहन निर्माता कंपनियों को ही फायदा होगा। उन्होंने कहा, “इससे आपकी बिक्री बढ़ेगी, उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी और लागत कम होगी।”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



