नोएडा. नोएडा के ममूरा इलाके में मंगलवार देर रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. खबर है कि इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से शुरू हुई आग ने पूरे ग्राउंड फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे मकान में धुआं भर गया. इस दुर्घटना में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें- संभल जाओ UP वालों! फिर लौटा आया कोरोना, 32 वर्षीय महिला मिली कोरोना पॉजिटिव, अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

50 परिवार फंसे, सभी को सुरक्षित निकाला

मामूरा की इस G+4 इमारत में करीब 50 परिवार रहते थे. आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौके पर पहुंचे. फायर टीम और स्थानीय पुलिस ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. दो व्यक्तियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में बिल्डिंग मालिक को हिरासत में ले लिया है. एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि फेज-3 थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जांच में आग का कारण इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग बताया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- UP में ‘भ्रष्टाचार मुक्त’ दावों पर सवाल! वाराणसी में GST डिप्टी कमिश्नर 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने और घायलों को अच्छा इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं.

राहत की बात ये है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. पुलिस और फायर विभाग आग के सटीक कारणों की जांच कर रहा है. इस घटना ने आवासीय इलाकों में इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी चार्जिंग की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.