बलिया. जनपद में लंबे समय बाद कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है. आदर्श नगर पंचायत सहतवार के वार्ड संख्या-5 की 32 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है. महिला का सैंपल 11 जुलाई को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), लखनऊ में लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट 13 जुलाई को पॉजिटिव आई.
इसे भी पढ़ें- पति, पत्नी, कत्ल और 12 साल बाद… युवक की जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में कोर्ट का आया फैसला, जानिए बीवी ने कैसे उजाड़ा था अपना सुहाग
बता दें कि महिला के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी. रेवती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सकीय टीम महिला के घर पहुंची और उसके संपर्क में आए चार लोगों के सैंपल लिए गए. जांच रिपोर्ट में सभी चारों लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिससे फिलहाल राहत की बात है. कोरोना संक्रमित महिला को होम आइसोलेशन में रखा गया है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
जिला सर्विलांस अधिकारी (डीएसओ) डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि सहतवार कस्बे के वार्ड संख्या-5 की 32 वर्षीय महिला का सैंपल 11 जुलाई को एसजीपीजीआई, लखनऊ में लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. उन्होंने बताया कि संक्रमित महिला के घर पर चार अन्य लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है. स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर सक्रिय है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- परिवार के सामने बाप के शरीर में दाग दीं 6 गोलियां, 150 करोड़ की संपत्ति के लिए हैवान बना बेटा
जनपद में कोरोना संक्रमण काल के बाद सामने आए इस पहले मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. चिकित्सकों ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार, सर्दी, खांसी या श्वसन संबंधी लक्षण महसूस हों तो वह तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराए.

