अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के भोरे से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बिहार के कुख्यात अपराधी मनिंदर मिश्रा के कारनामों ने एक बार फिर से इलाके में दहशत फैला दी है। दरअसल एक लाख का घोषित इनामी इस बदमाश ने भोरे थाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल के संचालक व डॉक्टर को फोन कर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी की रकम नहीं देने पर अपराधी ने डॉक्टर को बेहद खौफनाक अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी है।
पीड़ित संचालक ने लगाई जान-माल की गुहार
मिली जानकारी के अनुसार, भोरे के खजुराहा मोड़ स्थित गिरजा शंकर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि बीते 7 जून को उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग अज्ञात नंबरों से कॉल आए थे।
पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी
फोन करने वाले शख्स ने खुद को कुख्यात अपराधी मनिंदर मिश्रा बताते हुए सीधे 12 लाख रुपये की मांग की। अपराधी ने डॉ. गुप्ता को धमकी दी है कि अगर 48 घंटे के भीतर रंगदारी की रकम नहीं पहुंचाई गई, तो वह उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा। इस सीधे अल्टीमेटम के बाद से पीड़ित चिकित्सक और उनका पूरा परिवार गहरे खौफ और दहशत के साये में जीने को मजबूर है। डॉक्टर ने पुलिस से दोनों मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच करने, प्राथमिकी दर्ज करने और अपने परिवार को पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
पुलिस के लिए सिरर्दद बना लखटकिया इनामी बदमाश
आपको बता दें कि मनिंदर मिश्रा बिहार पुलिस के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। उस पर गोपालगंज जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और डकैती जैसे संगीन जुर्म के 19 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में लाला छापर में हुए लूटकांड और उसकी लगातार बढ़ती सक्रियता को देखते हुए पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। फिलहाल, बिहार एसटीएफ और गोपालगंज पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
इस गंभीर मामले पर भोरे थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित डॉक्टर का आवेदन प्राप्त हो चुका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधी के लोकेशन को ट्रेस करने का प्रयास तेज कर दिया गया है। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों और डॉक्टरों के बीच भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- शर्मनाक: गोपलगंज में नाबालिग के साथ गैंगरेप, अधमरी हालत में पीड़िता को छोड़ फरार हुए आरोपी

