नूंह। हरियाणा के नूंह जिला खेल विभाग में कबड्डी खेल नर्सरी के नाम पर सरकारी खजाने से लाखों रुपये के दुरुपयोग का बड़ा मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने विभागीय शिकायत और सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर जिला खेल अधिकारी (DSO) नूंह मनोज शर्मा, तत्कालीन कार्यकारी डीएसओ व वर्तमान रेवाड़ी डीएसओ मनोज कुमार, उप अधीक्षक राममेहर और दो आउटसोर्स कर्मचारियों मोहम्मद असफाक व साजिद खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि दूसरे विभागों में तैनात कर्मचारियों को कागजों में खेल नर्सरी का कोच दिखाकर 8,37,065 रुपये का फर्जी भुगतान किया गया।

मेडिकल कॉलेज के हेल्पर को बना दिया स्कूल में कबड्डी कोच

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गांव उंटका निवासी मोहम्मद असफाक वर्ष 2019 से शहीद हसन खान मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में एचकेआरएन के तहत हेल्पर के पद पर काम कर रहा था। इसके बावजूद वर्ष 2024-25 में विभागीय अधिकारियों ने सांठगांठ कर उसे डीएवी पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन नूंह की कबड्डी खेल नर्सरी में कोच अलॉट कर दिया। अधिकारियों ने दस्तावेज जांचने के बाद उसकी मंजूरी दी और उसे खेल विभाग से 20 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से वेतन दिया जाने लगा।

लिफ्टमैन को भी कागजों में कोच बनाकर जारी किया वेतन

घोटाले की जांच में सामने आया कि उंटका गांव का ही रहने वाला साजिद खान वर्ष 2015 से नल्हड़ स्थित मेडिकल कॉलेज में एचकेआरएन के तहत लिफ्टमैन के पद पर तैनात था। एफआईआर के अनुसार, 11 अप्रैल 2025 से 13 नवंबर 2025 तक मोहम्मद असफाक नर्सरी कोच रहा और इसके बाद 14 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक साजिद खान ने फर्जी तरीके से नर्सरी कोच के रूप में बच्चों को प्रशिक्षण देना दिखाया। साजिद को भी खेल विभाग से हर महीने 20 हजार रुपये वेतन के रूप में दिए गए।

सरकारी खजाने को लगाया 8.37 लाख रुपये का चूना

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मोहम्मद असफाक ने खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान सरकारी खजाने से 7 लाख 47 हजार 65 रुपये ऐंठे। वहीं साजिद खान के नाम पर 90 हजार रुपये का भुगतान किया गया। इस तरह दोनों फर्जी कोचों के जरिए सरकारी खजाने से कुल 8 लाख 37 हजार 65 रुपये का अवैध भुगतान कराया गया।

दो डीएसओ समेत 5 पर गिरी गाज, विभागीय हड़कंप

मामला उजागर होने के बाद खेल विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नूंह के मौजूदा जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा, रेवाड़ी के मौजूदा डीएसओ मनोज कुमार, उप अधीक्षक राममेहर समेत दोनों फर्जी कोच असफाक और साजिद खान के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m