गुरुग्राम। सोशल मीडिया पर मशहूर होने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। हाईवे और एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट करने के बाद अब रसूखदार युवाओं ने हुड़दंग का नया जरिया ढूंढ लिया है। अब इन रईसजादों ने अपनी महंगी गाड़ियों से खेतों और निजी कंपनियों के गेट पर जानलेवा स्टंट करना शुरू कर दिया है।

खेतों में दौड़ रही थार, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी

ताजा मामला फर्रुखनगर इलाके से सामने आया है। जहां मानसून के सीजन में किसान अपने खेतों में धान की रोपाई और फसलों की देखरेख में मेहनत कर रहे हैं, वहीं कुछ युवाओं ने इन खेतों को अपना स्टंट ग्राउंड बना लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ब्लैक महिंद्रा थार जैसी गाड़ियों को पानी और कीचड़ से लबालब भरे खेतों में उतारा गया है। इन युवाओं ने गाड़ियों को तेज रफ्तार में खेतों के बीच दौड़ाया और खतरनाक तरीके से मोड़ काटा, जिससे गाड़ी पलटने का खतरा बना हुआ था।

पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए हटाई नंबर प्लेट

पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए इन युवाओं ने एक नई चाल अपनाई है। अब ये अपनी गाड़ियों से नंबर प्लेट हटाकर स्टंट कर रहे हैं। ये वीडियो सीधे तौर पर प्रशासन को चुनौती दे रहे हैं। बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां ढूंढना पुलिस के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इन रईसजादों के चलते उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं और खेतों में काम करना असुरक्षित हो गया है। प्रशासन को अब इन हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m