भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार की लोकप्रिय ‘मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्री विशेष ट्रेन बुधवार सुबह 11 बजे भुवनेश्वर न्यू रेलवे स्टेशन (पटिया) से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई। इस विशेष ट्रेन के जरिए राज्य के 6 जिलों के 775 पात्र बुजुर्ग श्रद्धालु वाराणसी और अयोध्या की धार्मिक यात्रा पर निकले हैं।

उपमुख्यमंत्री तथा महिला एवं बाल विकास, मिशन शक्ति और पर्यटन मंत्री प्रवती परिदा ने इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और सभी श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और सुखद आध्यात्मिक यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि भगवान लिंगराज की पावन भूमि से काशी विश्वनाथ और अयोध्या की यह यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगी। श्रद्धालुओं को गंगा आरती देखने, भगवान काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने और श्री राम लला के भव्य रूप के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना ओडिशा के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन कराने का एक अनूठा माध्यम है।

तीर्थ यात्रा के इस पहले चरण में राज्य के 6 जिलों यानि के खोरधा, जगतसिंहपुर, कटक, पूरी, केंद्रपाड़ा और ढेंकानाल के बुजुर्ग शामिल हैं।

खोरधा: 169 तीर्थयात्री
कटक: 197 तीर्थयात्री
पुरी: 127 तीर्थयात्री
केंद्रपाड़ा: 108 तीर्थयात्री
ढेंकानाल: 89 तीर्थयात्री
जगतसिंहपुर: 85 तीर्थयात्री

कुल 775 तीर्थयात्रियों में 333 महिलाएं और 442 पुरुष शामिल हैं। यात्रा के दौरान बुजुर्गों की सुरक्षा, सुविधा और देखभाल के लिए 25 एस्कॉर्ट अधिकारियों (Escort Officers) की एक विशेष टीम भी साथ गई है।

समारोह के दौरान उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वैन और केंद्रपाड़ा विधायक गणेश्वर बेहरा ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सभी तीर्थयात्रियों को औपचारिक रूप से रेलवे टिकट और किट बैग वितरित किए गए।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग के आयुक्त सह सचिव बलवंत सिंह, खोरधा कलेक्टर अमृत ऋतुराज, खुर्दा रोड डिवीजन के एडिशनल डीआरएम प्रदीप कुमार बेहरा, आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अनुज दत्ता और पर्यटन विभाग के निदेशक दीपांकर महापात्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान कुल 10 चरणों में लगभग 8,000 वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा कराई जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत आने वाले समय में अयोध्या, वाराणसी, हरिद्वार, ऋषिकेश, रामेश्वरम और मदुरै जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों को कवर किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m