अंबेडकरनगर. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. अंबेडकर नगर में उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस को सीटें नहीं देना चाहती. वह सिर्फ बीजेपी को हराने की बात करती है. राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव कांग्रेस के साथ समय पर गठबंधन नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे बीजेपी को फायदा हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, 2027 में चुनाव लड़ेगी ‘जननीति भारत’, बताया राजनीति का नया फॉर्मूला

अखिलेश पर कांग्रेस को सीट नहीं देने का आरोप

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा कांग्रेस को सीटें देने के पक्ष में नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव समय पर गठबंधन नहीं कर रहे हैं. राजभर ने कहा कि अखिलेश बीजेपी को जिताना चाहते हैं. उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दलों के बीच गठबंधन को लेकर मतभेद हैं.

MLC चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों पर पलटवार

एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग और बैलेट बॉक्स लूटने के आरोपों पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हार की आशंका के चलते ऐसे आरोप लगा रहे हैं. चुनाव में गड़बड़ी के आरोप जनता के बीच अपनी बात रखने के लिए लगाए जा रहे हैं. राजभर ने कहा कि एमएलसी चुनाव को लेकर सपा के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं.

रामगोपाल यादव कह रहे हैं कि मतदाता सूची ठीक करना सपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है और इसके लिए अधिकारियों को दोष नहीं देना चाहिए. वहीं अखिलेश यादव अधिकारियों पर हेराफेरी और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस में भी मतभेद होने की बात कही.

इसे भी पढ़ें- AI, क्वांटम तकनीक और साइबर फॉरेंसिक… योगी के एजेंडे में तकनीक से न्याय तक का रास्ता

वाराणसी एयर शो में शामिल होगा पूरा मंत्रिमंडल

वाराणसी में होने वाले एयर शो पर राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का पूरा मंत्रिमंडल मौजूद रहेगा. उन्होंने बताया कि भारत सरकार समय-समय पर लड़ाकू विमानों का रिहर्सल करती है. वाराणसी का एयर शो भी इसी कड़ी का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि इससे पहले सुल्तानपुर में भी ऐसा आयोजन हुआ था.