साउथ सुपरस्टार विजय जिन्हें लोग अभी तमिलनाडु के सीएम के तौर पर जान रहे हैं. हिंदी सिनेमा के एक और दिग्गज सुपरस्टार रजनीकांत को विजय को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि रजनीकांत सीएम विजय से जलते हैं, जिस पर अब सुपरस्टार रजनीकांत ने खुद रिएक्शन दिया है. अपने घर पर रखी प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजनीकांत ने कहा, ‘मैं विजय से 25 साल बड़ा हूं. हमारे बीच जनरेशन गैप है.’ रजनीकांत ने कहा कि विजय से उन्हें कोई जलन नहीं है. साथ ही उन्होंने एमके स्टालिन से मुलाकात को व्यक्तिगत दोस्ती का हिस्सा बताया.

रजनीकांत ने चेन्नई में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तमिलनाडु चुनाव नतीजों के बाद उठ रही राजनीतिक अटकलों पर चुप्पी तोड़ी. उन्होंने कहा कि विजय की टीवीके पार्टी की जीत पर उन्हें खुशी हुई और उन्होंने विजय को बधाई भी दी.

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार (17 मई) को चेन्नई स्थित अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उठ रहे तमाम राजनीतिक कयासों पर चुप्पी तोड़ी. उन्होंने साफ कहा कि उनके बयान और मुलाकातों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर वो इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया नहीं देते, तो लोग उन्हें ही सच मान लेते.

दरअसल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम(टीवीके) ने शानदार जीत दर्ज की. नतीजों के बाद ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि रजनीकांत परिणामों से नाखुश थे.

रजनीकांत ने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने डीएमके प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की थी, जिसे लेकर कई तरह की बातें कही गईं. उन्होंने साफ किया कि उनकी और स्टालिन की दोस्ती राजनीति से कहीं ऊपर है. उन्होंने कहा कि कुलाथुर सीट पर स्टालिन की हार से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर दुख हुआ था और इसी वजह से उन्होंने उनसे मुलाकात की.

उन्होंने आगे कहा कि मेरा स्तर इतना गिरा नहीं है. उन्होंने कहा ‘रजनीकांत कोई घटिया किस्म के इंसान नहीं हैं जो बेवजह किसी और बात पर टिप्पणी करे. विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर सुनकर मुझे हैरानी जरूर हुई. लेकिन खुशी भी उतनी ही हुई. मुख्यमंत्री बनते ही मैंने उन्हें बधाई दी. रजनीकांत ने आगे कहा, ‘मुझ पर कुछ आलोचनाएं हो रही हैं. कुछ लोग कह रहे हैं कि मुझे सीएम विजय से जलन हो रही है.

इसके साथ ही रजनीकांत ने विजय की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि 52 साल की उम्र में विजय ने वह उपलब्धि हासिल कर ली, जो कभी एमजीआर और एनटीआर जैसे दिग्गज नेताओं ने भी इतनी जल्दी नहीं पाई थी.

हालांकि,रजनीकांत को इस बात के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा कि जब विजय की टीवीके पार्टी राज्यपाल के सामने बहुमत साबित करने के लिए संघर्ष कर रही थी, तब उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की और वो विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल नहीं हुए. प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजनीकांत से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, मैंने कभी शपथ ग्रहण समारोह में भाग नहीं लिया है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m