कुंदन कुमार, पटना। राबड़ी आवास विवाद को लेकर बिहार की सियासत इन दिनों गर्म है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है। इस बीच आज मंगलवार (2 जून) को जदयू नेत्री और बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने आज पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की है। मिली जानकारी के अनुसार लेशी सिंह ने नीतीश को राबड़ी आवास विवाद से जुड़े सारे मामले की जानकारी दी है। इसके साथ ही विधान परिषद चुनाव समेत अन्य कई मुद्दों पर भी दोनों की चर्चा हुई है।

‘जिसको जो बंगला मिला है, वहां चला जाए’

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि, नीतीश जी हमारे नेता हैं और हम लोग उनसे मिलकर मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। आज भी उनसे बात हुई, जो मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है, उसके अनुसार ही हम लोग काम करेंगे।

बातचीत के दौरान लेशी सिंह ने राबड़ी देवी पर तंज कसते हुए कहा कि, भवन निर्माण विभाग ने बंगला आवंटित किया है, जिसको जो बंगला मिला है वो वहां चले जाए। उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार संविधान के अनुरूप कार्य करती रही है। इस बार भी बंगला का आवंटन एकदम सही तरीके से किया गया है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पर कही ये बात

वहीं, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर भी लेशी सिंह ने बड़ा बयान दिया और कहा कि, हमारे पार्टी का शीर्ष नेतृत्व, जो निर्णय लेगा। हम उसके साथ हैं। वहीं, एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार है। कानूनी प्रक्रिया के तहत सब कुछ होता रहा है और आगे भी होगा।

बंगला खाली करने के मूड में नहीं राबड़ी देवी

गौरतलब है कि बिहार सरकार और भवन निर्माण विभाग द्वारा बार-बार नोटिस भेजे जाने के बाद भी राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड (राबड़ी आवास) को खाली करने के मूड में नहीं हैं। वहीं, इस बीच प्रशासन और सरकार की ओर से उन्हें सरकारी बंगले को खाली करने के लिए 15 दिनों की मोहलत दी गई है। विभाग द्वारा यह बंगला बिहार सरकार में दलित मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है, जिसके बाद से प्रशासन और विभाग राबड़ी देवी पर बंगला खाली करने का दबाव बना रही है। वहीं, राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया है।

ये भी पढ़ें- अंचल अधिकारियों की नई लिस्ट जारी, सरकारी जमीन के लिए शुरू हुआ खास डिजिटल पोर्टल