कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) और हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में एक साथ 32 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई। करीब ₹340.84 करोड़ की लागत वाली इन परियोजनाओं से सड़क, सीवरेज, बिजली और शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ कई जिलों में विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी।

बैठक में दक्षिण हरियाणा और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगमों के लिए आवश्यक विद्युत उपकरणों की खरीद को स्वीकृति दी गई। वहीं केंद्र सरकार की एनपीडीडी योजना के तहत डेयरी प्रयोगशालाओं के लिए आधुनिक उपकरण खरीदने का भी निर्णय लिया गया। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।

शहरी विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। गुरुग्राम के सेक्टर-78 और 80 के बीच मास्टर रोड एवं सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। फरीदाबाद में ग्रीन बेल्ट और पार्कों के लिए छह माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होंगे। वहीं कुंडली और खरखौदा में सीवर लाइन, वर्षा जल निकासी, सड़क चौड़ीकरण तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण को मंजूरी मिली। इसके अलावा पंचकूला औद्योगिक क्षेत्र और पिंजौर-कालका में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, मुख्य पंपिंग स्टेशन के निर्माण और उनकी क्षमता बढ़ाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक की एक और खास उपलब्धि यह रही कि परियोजनाओं पर नेगोशिएशन के दौरान सरकार ने ₹15.11 करोड़ की बचत सुनिश्चित की। इससे यह संदेश भी गया कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सरकारी धन के पारदर्शी और प्रभावी उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।