उत्तर प्रदेश की सियासत में ओम प्रकाश राजभर के एक तीखे ट्वीट ने नई चर्चा छेड़ दी है. राजभर ने ‘बड़के भइया’ का जिक्र करते हुए एक नेता को डर छोड़कर अपना राजनीतिक स्टैंड स्पष्ट करने की नसीहत दी. उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य और सीट बंटवारे का मुद्दा उठाते हुए तंज कसा कि कार्यकर्ता बड़े धमाके का इंतजार कर रहे थे, लेकिन नेता फुस्स पटाखा निकले.

दरअसल, राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘लगता है मैंने जो सुबह कहा वो आपको शाम तक समझ आ गया. आखिर कब तक दबकर राजनीति करेंगे? अब डरना नहीं है बड़के भइया से. यही समय है, सही समय है. कम से कम बड़के भइया का झंडा उठाना तो बंद करिए. वो ये रैली करने के बाद फिर थाईलैंड, वियतनाम या मंगोलिया निकल जाएंगे और आपको यहां सीट बंटवारे को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य से डील करनी पड़ेगी.’

इसे भी पढ़ें : ‘बड़के भइया’ की सेवा में लग गए’, विपक्ष की महारैली में शामिल होने पर राजभर का अखिलेश पर तंज, जानिए ऐसा क्या कहा?

राजभर ने आगे लिखा कि ‘वही स्वामी प्रसाद जो आपके बड़के भइया के साथ फोटो खिंचवाते हैं और आपकी औक़ात बताते फिरते हैं. वही स्वामी जिसको आपने सारा सम्मान दिया लेकिन उन्होंने आपको सिर्फ़ अपमानित किया. दुख इस बात का है कि आपका स्तर दिन पर दिन गिरता जा रहा है. आपके कार्यकर्ता टकटकी लगाए हैं कि भइया धमाका करेंगे लेकिन आप फुस्स पटाखा निकले. अपना स्टैंड क्लिकर करे बता दीजिए या फिर लगाते रहिए दिल्ली का चक्कर.’