नरेश शर्मा, रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत चक्रधरनगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने IPL 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अप्रैल में हुई थी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, IPL 2026 के दौरान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत 9 अप्रैल 2026 को साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश दी थी। पुलिस ने मौके से पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को KKR और LSG के बीच खेले जा रहे IPL मैच में मोबाइल फोन के माध्यम से हार-जीत पर रुपये का दांव लगवाते पकड़ा था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल निवासी पंचवटी कॉलोनी चक्रधरनगर के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करना तथा सट्टे की रकम UPI के माध्यम से प्राप्त कर लेन-देन करना स्वीकार किया था।

दूसरे मामले में भी सामने आया था सानू का नाम
इसी कड़ी में 10 अप्रैल 2026 को साइबर सेल और चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने पंचवटी नगर, बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को उसके मकान के बाहर मोबाइल फोन के जरिए CSK और DC के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए पकड़ा था। पूछताछ में कशिश बलानी ने करीब एक वर्ष से मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टे का काम करने और सट्टे की रकम का UPI के माध्यम से लेन-देन करने की बात स्वीकार की थी।
इन दोनों मामलों में चक्रधरनगर थाना में आरोपियों के खिलाफ धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 157/2026 और 158/2026 पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई थी।
चार महीने से फरार थे आरोपी
पुलिस जांच में आरोपियों ने मुख्य आरोपी सानू बेरीवाल के साथ मोहित संथालिया और विजय कुमार देवांगन के भी सट्टा कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 21 अगस्त को तीनों आरोपियों के मौजूद होने की सूचना मिलने पर उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
4 मोबाइल फोन जब्त
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सानू बेरीवाल से 2 मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से 1 सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से 1 सैमसंग मोबाइल, कुल 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को दोनों मामलों में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सानू बेरीवाल (32 वर्ष), निवासी पंचवटी कॉलोनी, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़
मोहित संथालिया (19 वर्ष), निवासी मोवा, रायपुर
विजय कुमार देवांगन (43 वर्ष), निवासी चक्रधरनगर, रायगढ़
अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा- SSP शशि मोहन
रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत ऐसे आरोपियों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

