संजय सिंह ने सरकारी स्कूलों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया है. उन्होंने 55 स्कूलों के वीडियो साक्ष्य पेश कर सरकार पर सवाल उठाए और प्रदेश में स्कूलों की प्रदर्शनी लगाने की घोषणा की.

सतीश सिंह, लखनऊ. आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शनिवार को प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाली को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू करते हुए जनता से खराब स्कूलों की वीडियो रिपोर्ट भेजने की अपील की है.

शनिवार को गोमतीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने हेल्पलाइन नंबर 8382928009 जारी किया. उन्होंने कहा कि लोग अपने इलाके के टूटे-फूटे स्कूल, टपकती छतें, जलभराव, खराब शौचालय या मिड-डे मील की शिकायत का वीडियो बनाकर इस नंबर पर भेजें. पार्टी इन शिकायतों को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करेगी.

कई स्कूल बदहाल

इस दौरान संजय सिंह ने विभिन्न जिलों के 55 सरकारी स्कूलों के वीडियो साक्ष्य पेश करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के बावजूद कई स्कूल तबेले जैसी हालत में चल रहे हैं. वाराणसी, गोरखपुर, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और महोबा समेत कई जगहों के स्कूलों में छतें टपक रही हैं, टॉयलेट टूटे पड़े हैं और बच्चों के लिए डेस्क-बेंच तक नहीं हैं.

भाजपा पर लगाया आरोप

संजय सिंह ने सवाल किया कि मोदी और योगी के ‘डबल इंजन’ वाले नोएडा-गाजियाबाद में भी स्कूलों की दुर्दशा क्यों है. सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा गरीब बच्चों को अनपढ़ रखना चाहती है, ताकि वे अपने अधिकारों की लड़ाई न लड़ सकें.

उन्होंने नारा दिया, “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया.”

प्रवेश रोक पर सवाल

स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर लगी रोक को संजय सिंह ने ‘तुगलकी फरमान’ बताया. उन्होंने कहा कि अगर स्कूल अच्छे हैं तो सरकार उन्हें जनता को दिखाने में हिचक क्यों कर रही है.

उनका कहना था कि ये स्कूल जनता के टैक्स से बने हैं और उनकी हकीकत छिपाने की कोशिश ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ में भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है.

प्रदर्शनी लगाएगी आप

इस दौरान संजय सिंह ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में बदहाल स्कूलों की ‘प्रदर्शनी’ लगाएगी. उन्होंने कहा कि आज कुछ जिलों के वीडियो दिखाए गए हैं, आगे बाकी इलाकों के साक्ष्य भी सार्वजनिक किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि पार्टी इस अभियान को जारी रखेगी और शिक्षा की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाएगी.