मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी अयोध्या में रविवार को पत्रकारिता जगत का बड़ा जमावड़ा लगा. नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (NUJ) की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक का शुभारंभ अयोध्या धाम के प्रसिद्ध हनुमान बाग में हुआ. इस राष्ट्रीय बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के लघु उद्योग मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी अयोध्या पहुंचे. दीप प्रज्वलन के बाद उन्होंने देश भर से आए पत्रकारों को संबोधित किया और उसके बाद विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर ऐसा बयान दिया जो अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है.
मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है. हमारा एक ही एजेंडा है – विकास और डेवलपमेंट. 2027 के चुनाव में हमारे कार्यकर्ता सरकार के कामों का पूरा रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, क्योंकि जनता का पूरा विश्वास बीजेपी के साथ है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण अयोध्या का विकास है, जो पूरी दुनिया में साफ दिखाई दे रहा है.
इसे भी पढ़ें : मैं अखिलेश यादव को समय देता हूं… निषाद समाज के व्यक्ति की पिटाई से भड़के संजय निषाद, सपा सुप्रीमो को दे डाली खुली चेतावनी
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष को इस बात की पीड़ा है कि भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर आखिर भव्य राम मंदिर कैसे बन गया. जिन लोगों ने हमेशा राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, उन्हें ये विकास पच नहीं रहा है. लेकिन राम विरोधियों को जनता चुनाव में जवाब देगी. 8 अक्टूबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर पूछे गए सवाल पर मंत्री चौधरी ने चुटकी लेते हुए कह “अखिलेश यादव को अयोध्या आना ही चाहिए. बहुत अच्छी बात है. हनुमानगढ़ी और राम मंदिर भी पास में ही है, वहां भी जाकर उन्हें दर्शन करना चाहिए.”
NDA पूरी तरह एकजुट, INDIA गठबंधन बेमेल
गठबंधन को लेकर स्थिति साफ करते हुए उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुभासपा, RLD और अपना दल NDA का अभिन्न हिस्सा हैं. हम सभी मिलकर एक साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे.वहीं विपक्षी INDIA गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि उस गठबंधन में आपसी अविश्वास साफ दिखाई देता है. ये बेमेल और स्वार्थ का गठबंधन है. उसके पास देश और प्रदेश के विकास का कोई एजेंडा नहीं है. उत्तर प्रदेश में कांग्रेस समाप्ति की ओर है, देश में भी उसे जो सफलता मिली है वो गठबंधन के सहयोगियों के सहारे मिली है.

