लखनऊ. योगी सरकार पार्टी में मंत्री और निषाद समाज पार्टी प्रमुख डॉ. संजय निषाद ने सपा पूर्व जिला अध्यक्ष की पिटाई किए जाने से नाराजगी जताई है, जोकि निषाद समाज से आते हैं. पिटाई सपा नेता के बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर की है. ऐसे में संजय निषाद ने अखिलेश यादव को एक्शन लेने की चेतावनी दी है. ऐसा न करने पर निषाद पार्टी उनके कार्यालय का घेराव करेगी.
इसे भी पढ़ें- विरासत और विकास का संगमः भदोही के कालीन और हुनर को लेकर CM योगी का बड़ा बयान, देंगे 1,340 करोड़ से अधिक की सौगात
संजय निषाद ने कहा कि आज गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ समाजवादी पार्टी के दबंग नेता अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश सिंह और उनके समर्थकों द्वारा थप्पड़ और मारपीट करने के मामले से स्तब्ध हूं. क्या कुर्सी पर बैठने का अधिकार केवल सामंतवादियों का ही है?
आगे उन्होंने कहा कि राम नगीना साहनी समाजवादी पार्टी का झंडा और डंडा तब से उठा रहे हैं, जब गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को आदमी नहीं मिलता था. यादव भी समाजवादी पार्टी का झंडा नहीं उठाना चाहता था, तब निषाद समाज के लोगों ने झंडा उठाया था. आज कुर्सी पर बैठने को लेकर थप्पड़ और मारपीट कर देना निंदनीय और अत्यंत अफसोसजनक है.
इसे भी पढ़ें- योगी’राज’ में UP ‘बर्बाद’! शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ पुलिस व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव का सरकार पर निशाना, CM को रूढ़ीवादी बताते हुए जो कहा…
आगे संजय निषाद ने कहा कि मैं कल तक समाजवादी पार्टी के मुखियाअखिलेश यादव को समय देता हूं. या तो वे अपने दबंग नेता पर मुकदमा करवाएं और इस कृत्य की भर्त्सना करें, अन्यथा मैं परसों समाजवादी पार्टी कार्यालय का घेराव करने आ रहा हूं. निषाद समाज को भी इस घटना से सीख लेनी चाहिए कि जो निषाद नेता बीते दिनों से कैंडल मार्च और घड़ियाली आंसू बहा रहे थे कि भाजपा के साथ जाकर निषाद पार्टी ने क्या किया, मैं आज गर्व से कहता हूं कि किसी भाजपा नेता ने निषाद समाज के आदमी को थप्पड़ तो नहीं मारा.

