अभिषेक सेमर, तखतपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग स्थित लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात असामाजिक तत्व द्वारा गोबर फेंक जाने से बहुजन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा के पास धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने इस कृत्य को महापुरुष के अपमान के साथ सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे सहित पूरी प्रतिमा पर गोबर फेंका है। घटना के बाद बहुजन समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान कर तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

5 दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी नहीं तो चक्काजाम
बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को 5 दिवस के भीतर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

अखिलेश कोशले ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
फिलहाल, बहुजन समाज के लोगों का धरना जारी है, और पुलिस प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपी तक कितनी जल्दी पहुंचती है, और सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाले इस कृत्य पर क्या कार्रवाई करती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

