मुकेश मौर्या, धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत साजापाली के आमानारा गांव से राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां पहाड़ी कोरवा परिवारों ने आरोप लगाया है कि राशन देने के नाम पर उनका अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन इसके बाद उन्हें राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगस्त महीने का राशन उन्हें नहीं मिला, जिससे गांव के पहाड़ी कोरवा परिवारों में नाराजगी है।


ग्रामीणों के अनुसार, राशन देने के नाम पर उनका अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें अगस्त महीने का राशन नहीं दिया गया। ऐसे में अब उनका सवाल है कि जब राशन वितरण के नाम पर उनका अंगूठा लग चुका है और राशन का गबन हो गया है, तो उन्हें संबंधित माह का राशन कैसे मिलेगा।
दुकान से राशन खरीदकर खाने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीण पारस राम ने बताया कि अगस्त महीने का राशन नहीं मिला है। अंगूठा लगवा लिया गया है और जब राशन लेने जाते हैं तो संचालक ढंग से बात भी नहीं करते। कहते हैं कि कहीं दूसरी जगह जाओ और राशन लेकर आओ। समय पर राशन नहीं मिल रहा है, जिससे ग्रामीण दुकान से राशन खरीदकर खा रहे हैं।

बता दें कि आमानारा में पहाड़ी कोरवा समुदाय के करीब 52 परिवार निवास करते हैं, जिनकी आबादी लगभग 300 बताई जा रही है। चारों ओर पहाड़ों से घिरा यह गांव है, जहां लगभग संपूर्ण आबादी पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों की है।
पीडीएस संचालक ने क्या कहा?
इस संबंध में पीडीएस संचालक विजय से बात करने पर उन्होंने बताया कि पिछले राशन वितरक द्वारा एक माह का राशन वितरित नहीं किया गया था। इसी कारण राशन वितरण एक माह पीछे चल रहा है। उनका कहना है कि अगस्त में प्राप्त राशन को जुलाई माह का राशन मानकर वितरित किया गया है और सितंबर में आने वाले राशन को अगस्त माह का राशन मानकर वितरित किया जाएगा।
दुकान को करेंगे सस्पेंड- सहायक खाद्य अधिकारी
वहीं राशन वितरण नहीं किए जाने को लेकर जब सहायक खाद्य अधिकारी, धरमजयगढ़ राबिया खान से बात की गई, तो उन्होंने दुकान को सस्पेंड करने और ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में चिड़ोड़ीह की राशन दुकान को अटैच करने की बात कही।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



