भारत ने सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान के हालिया बयान पर जोरदार पलटवार किया है. भारत सरकार ने साफ कर दिया है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को पूरी तरह खत्म नहीं करता, तब तक सिंधु जल संधि स्थगित रहेगी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक ब्रीफिंग में पाकिस्तान के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि, भारत चिनाब नदी का पानी मोड़कर सिंधु जल समझौते का उल्लंघन कर रहा है.
सिंधु जल संधि पर भारत ने पाकिस्तान को क्या जवाब दिया?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान को साफ शब्दों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि जब तक सीमा पार से आतंकवाद पूरी तरह बंद नहीं होता, तब तक सिंधु जल संधि आगे नहीं बढ़ सकती. भारत ने इस समझौते को फिलहाल स्थगित रखने का फैसला किया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने हाल ही में इस संधि को लेकर एक बयान जारी किया था. भारत ने उस बयान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उसे पूरी तरह खारिज कर दिया है. भारत का रुख इस मामले में हमेशा से बहुत साफ रहा है.
पाकिस्तान ने क्या कहा था ?
पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि भारत द्वारा चिनाब नदी का पानी मोड़ने के लिए नदी-जोड़ो परियोजना बनाना सिंधु जल संधि और अन्य अंतरराष्ट्रीय कानूनों का ‘‘गंभीर उल्लंघन’’ होगा. विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी यह टिप्पणी मीडिया में आई उन खबरों को लेकर पूछे गए सवाल पर की, जिनमें कहा गया था कि भारत सिंधु नदी घाटी का हिस्सा रहीं चिनाब नदी के पानी को ब्यास नदी तक सुरंग के माध्यम से पहुंचाने की योजना बना रहा है.
पहलगां हमले के बाद भारत ने स्थगित किया सिंधु जल समझौता
भारत ने पिछले साल 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किये गए हमले और 26 लोगों की हत्या के अगले दिन पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए दंडात्मक उपायों के तहत 1960 की सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) को ‘स्थगित’ कर दिया था. विश्व बैंक की मध्यस्थता से हुई सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के जल वितरण और उपयोग को नियंत्रित करती है.
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर क्या बड़ा अपडेट है?
इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने भारत और अमेरिका के बीच होने वाली अंतरिम ट्रेड डील पर भी अहम जानकारी साझा की है. अमेरिकी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में भारत दौरे पर आया था. इस दौरान दोनों देशों के बीच काफी सकारात्मक बातचीत हुई है. कॉमर्स मंत्रालय ने भी इस संबंध में एक प्रेस रिलीज जारी की है. दोनों देश इस डील को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. आने वाले दिनों में इस विषय पर और भी दौर की बातचीत की जाएगी.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

