पाकिस्तान में सेना और उससे जुड़े अधिकारियों को लेकर विवादों के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पाकिस्तानी प्रोफेसर परवेज हुडभॉय एक पॉडकास्ट के दौरान पाकिस्तान के पूर्व परमाणु इंजीनियर सुल्तान बशीरुद्दीन महमूद से जुड़े एक कथित दावे का जिक्र करते नजर आ रहे हैं। सुल्तान बशीरुद्दीन महमूद को पाकिस्तान के मौजूदा DG ISPR लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी के पिता के तौर पर बताया जाता है।

जिन्न को काबू कर बिजली बनाने का दावा

वायरल वीडियो में बताते हैं कि सुल्तान बशीरुद्दीन महमूद ने 1973 के आसपास जिन्नों को नियंत्रित कर उनसे ऊर्जा हासिल करने की अवधारणा की बात कही थी। इस विचार के पीछे यह तर्क बताया गया कि इंसान मिट्टी से बने हैं, जबकि जिन्न और फरिश्ते आग से बने हैं और आग में ऊर्जा होती है। इसलिए जिन्नों को नियंत्रित कर ऊर्जा हासिल करने से पाकिस्तान की बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने साधा निशाना

इस कथित बयान को लेकर भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडेय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने पाकिस्तान के मौजूदा सैन्य प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पिता से जुड़े ऐसे विचारों के बाद अब ऐसा लगता है कि DG ISPR के “दिमाग पर भी किसी जिन्न का कब्जा” हो गया है।

कौन हैं अहमद शरीफ चौधरी?

लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी पाकिस्तान सेना के वरिष्ठ अधिकारी हैं और इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के महानिदेशक के तौर पर पाकिस्तानी सेना का आधिकारिक पक्ष मीडिया के सामने रखते हैं। वे प्रेस कॉन्फ्रेंस और मीडिया ब्रीफिंग के जरिए पाकिस्तान सेना से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर बयान देते रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m