Pakistani Song Chalre Chalre Waal: सोशल मीडिया पर इन दिनों पाकिस्तानी गाना ‘छलरे छलरे वाल’ खूब ट्रेंड कर रहा है। इस गाने पर लोग लगातार रील्स बना रहे हैं और इसके बोल भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। गाने को शानजे सियाल और मोहसिन लशारी ने गाया है। खास बात यह है कि दोनों कलाकारों को भारत में खूब प्यार मिल रहा है। हाल ही में दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि भारत में गाने को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिला, वैसी लोकप्रियता उन्हें पाकिस्तान में शुरुआत में नहीं मिली थी।

भारत में वायरल होने के बाद पाकिस्तान में भी बढ़ी पहचान

शानजे सियाल ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले ‘छलरे छलरे वाल’ गाने को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। शुरुआत में इसके कुछ दूसरे बोल वायरल हुए, लेकिन भारतीय दर्शकों ने गाने को खूब पसंद किया। शानजे के मुताबिक, भारत के कई बड़े सितारों ने भी उनके काम की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में शुरुआत में बहुत कम लोग इस गाने के बारे में जानते थे। जब भारत में गाने पर रील्स बनने लगीं और इसे लोगों का प्यार मिलने लगा, तब पाकिस्तान में भी इसकी पहचान बढ़ने लगी।

भारतीय इन्फ्लुएंसर्स की रील्स से मिला बड़ा फायदा

शानजे सियाल ने इंटरव्यू में यह भी बताया कि पाकिस्तान में उनकी ऑडियंस का एक हिस्सा भारत के लोगों और वहां के ट्रेंड्स से प्रभावित होता है। जब भारतीय इन्फ्लुएंसर्स ने ‘छलरे छलरे वाल’ पर रील्स बनानी शुरू कीं, तो पाकिस्तान में भी लोगों ने इसे अपनाना शुरू कर दिया।

उनके मुताबिक, इसके बाद गाने को अपनी सराइकी भाषा और संस्कृति से जोड़कर प्रमोट किया जाने लगा। शानजे ने कहा कि पहले सराइकी भाषा में गाने वाले लोगों को लेकर कुछ लोगों की सोच अलग थी, लेकिन गाने की लोकप्रियता ने इस भाषा को भी पहचान दिलाई।

सराइकी पाकिस्तान के दक्षिणी पंजाब, उत्तरी सिंध और खैबर पख्तूनख्वा के दक्षिणी हिस्सों में बोली जाती है। इस गाने के वायरल होने से सराइकी भाषा और उससे जुड़ी संस्कृति भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई है।

मोहसिन लशारी बोले- भारत से मिल रहा बहुत प्यार

गाने के दूसरे गायक मोहसिन लशारी ने भी भारत से मिल रहे प्यार पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि उनके वीडियो के कमेंट सेक्शन में बड़ी संख्या में लोग भारत से प्यार भेजने की बात लिखते हैं।

मोहसिन के मुताबिक, भारतीय दर्शकों का यह रिस्पॉन्स उनके लिए खास है। सोशल मीडिया पर मिल रहे प्यार ने गाने को नए दर्शकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

क्या है ‘छलरे छलरे वाल’ गाने का मतलब?

इस गाने के बोल किसी की खूबसूरती और उसके खास अंदाज की तारीफ करते हैं। ‘छलरे-छलरे वाल’ का मतलब घुंघराले और लहराते हुए बाल है। गाने में काली शॉल, लाल रुमाल और खूबसूरती का जिक्र करते हुए उस शख्स के आकर्षक लुक को बयां किया गया है।

‘तू सांवल फूल कस्तूरी’

इसका भाव है कि तुम सांवले रंग के खूबसूरत फूल की तरह हो, जिसकी खुशबू कस्तूरी जैसी मनमोहक है।

‘तेरी थी गई बहु मशूरी’

इसका मतलब है कि तुम्हारी खूबसूरती के चर्चे दूर-दूर तक फैल चुके हैं और लोग तुम्हें पहचानने लगे हैं।

‘झा-झा ते, हर झा ते, पाए देंदे लोक मिसाल’

इन पंक्तियों में कहा गया है कि लोग जहां भी तुम्हें देखते हैं, तुम्हारी खूबसूरती की तारीफ करते हैं और दूसरों के सामने तुम्हारा उदाहरण देते हैं।

‘छलरे-छलरे वाल, मोंढे रखदैं काली शॉल’

इन बोलों में घुंघराले बालों और कंधों पर रखी काली शॉल का जिक्र है, जो उस शख्स के अंदाज को खास बनाती है।

‘हथ चेनै रत्ता रुमाल, तेरियां रीसां कौन करे?’

इसका भाव है कि हाथ में लाल रुमाल और अंदाज इतना निराला है कि कोई भी तुम्हारी बराबरी नहीं कर सकता।

सोशल मीडिया ने गाने को दिलाई नई पहचान

‘छलरे छलरे वाल’ की लोकप्रियता बताती है कि सोशल मीडिया पर किसी गाने को पसंद किए जाने के बाद वह सीमाओं से परे भी लोगों तक पहुंच सकता है। भारतीय दर्शकों और इन्फ्लुएंसर्स की रील्स से इस गाने को पहचान मिली, वहीं इसके बोलों ने लोगों की दिलचस्पी सराइकी भाषा में भी बढ़ाई है। शानजे सियाल और मोहसिन लशारी के लिए यह गाना भारत में नए दर्शकों तक पहुंचने का बड़ा जरिया बन गया है।

Shah Rukh Khan के फैंस को झटका, इस बार नहीं होगा बर्थडे मीट-अप! ‘किंग’ की शूटिंग में रहेंगे बिजी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m